Bihar IT Industry Meet 2026: बेंगलुरु में बिहार का टेक विजन, वैश्विक आईटी कंपनियों ने निवेश और साझेदारी में दिखाई दिलचस्पी

0
3

पटना/बेंगलुरु: बिहार अब देश के उभरते हुए डिजिटल और प्रौद्योगिकी केंद्र के रूप में अपनी नई पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी उद्देश्य के साथ आयोजित ‘बिहार आईटी इंडस्ट्री मीट 2026’ में देश और दुनिया की कई अग्रणी आईटी कंपनियों, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) लीडर्स, स्टार्टअप्स, वेंचर कैपिटल फर्मों और उद्योग विशेषज्ञों ने बिहार में निवेश तथा दीर्घकालिक साझेदारी को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बिहार में निवेश आकर्षित करना, वैश्विक तकनीकी कंपनियों के साथ सहयोग बढ़ाना और राज्य को डिजिटल अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र बनाना रहा।

‘सिर्फ निवेश नहीं, मजबूत टेक इकोसिस्टम बनाना लक्ष्य’

कार्यक्रम में बिहार सरकार के सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार केवल निवेश आकर्षित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसा आधुनिक तकनीकी इकोसिस्टम विकसित करना चाहती है, जहां उद्योग, नवाचार और युवाओं की प्रतिभा एक साथ आगे बढ़े।

उन्होंने कहा कि बिहार आईटी पॉलिसी 2024 और बिहार ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) पॉलिसी 2026 राज्य में बड़े निवेश, उच्च गुणवत्ता वाले रोजगार और वैश्विक स्तर पर बिहार की नई पहचान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

निवेशकों को बताई गईं सरकार की प्रमुख योजनाएं

मंत्री ने उद्योग प्रतिनिधियों को ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, सिंगल विंडो क्लीयरेंस, निवेश प्रोत्साहन योजनाएं, कौशल विकास कार्यक्रम और आधुनिक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार आईटी एवं आईटीईएस, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स, डीपटेक और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में राज्य को राष्ट्रीय स्तर का अग्रणी केंद्र बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।

वैश्विक कंपनियों के साथ हुई अहम बिजनेस मीटिंग

सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने कार्यक्रम के दौरान कई वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वन-टू-वन बिजनेस मीटिंग की।

Quess Corp के साथ रोजगार, स्किल डेवलपमेंट और तकनीकी सहयोग पर विस्तृत चर्चा हुई। वहीं Adobe, Mercedes-Benz, XLR Partners और Brandscapes Worldwide सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ बिहार में डिजिटल निवेश, रिसर्च, इनोवेशन और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

निवेशकों के सामने पेश की गई बिहार की नई तस्वीर

बैठकों के दौरान अधिकारियों ने बिहार आईटी पॉलिसी 2024 और GCC पॉलिसी 2026 का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। इसमें निवेशकों को उद्योग-अनुकूल नीतियों, मजबूत डिजिटल अवसंरचना, कुशल मानव संसाधन और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने कहा कि बिहार तेजी से ऐसे राज्य के रूप में उभर रहा है, जहां उद्योगों को अनुकूल वातावरण, विशाल युवा प्रतिभा और स्पष्ट नीतिगत समर्थन उपलब्ध है।

इन बड़ी कंपनियों ने दिखाई रुचि

सम्मेलन में Quess Corp, Honeywell, Adobe, Mphasis, Oracle, Salesforce, Razorpay, MyGate, NetApp, Trend Micro, Tejas Networks, RuralShores Business Services और Quodeck.ai जैसी प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इन कंपनियों के साथ ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC), आईटी पार्क, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, स्टार्टअप इकोसिस्टम, अनुसंधान, नवाचार और स्किल डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में संभावित निवेश और सहयोग पर विस्तार से चर्चा हुई।

उद्योग जगत ने बिहार की नीतियों की सराहना की

उद्योग प्रतिनिधियों ने बिहार सरकार की नई औद्योगिक और तकनीकी नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में तेजी से विकसित हो रहा डिजिटल इकोसिस्टम, युवा प्रतिभा और निवेश-अनुकूल माहौल भविष्य के लिए बेहतर अवसर प्रदान करता है। कई कंपनियों ने बिहार के साथ दीर्घकालिक साझेदारी और संभावित निवेश में गंभीर रुचि दिखाई।

बिहार आईटी इंडस्ट्री मीट 2026 ने यह संकेत दिया है कि राज्य अब केवल संभावनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल निवेश, तकनीकी नवाचार और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर के क्षेत्र में देश के उभरते हुए प्रमुख केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here