एनर्जी बढ़ाने का दावा!FSSAI के निशाने पर Red Bull और Sting जैसे टॉप ब्रांड्स

0
22

बाजार में मिलने वाले कई लोकप्रिय पेय, जिन्हें कंपनियां Energy Drink के नाम से बेच रही हैं, अब उन पर ही सवाल खड़े हो गए हैं। खाद्य सुरक्षा नियामक FSSAI ने Red Bull, Sting, Monster, Campa Energy, Hell Energy, Adrenaline Rush और Gold Boost समेत कई बड़े ब्रांड्स को नोटिस जारी किया है। आरोप है कि कंपनियां अपने प्रोडक्ट्स की ब्रांडिंग और दावों के जरिए ग्राहकों को गुमराह कर रही हैं।

FSSAI का कहना है कि भारत में अब तक Energy Drink नाम की कोई आधिकारिक फूड कैटेगरी या उसका कोई अलग मानक तय नहीं किया गया है। इसका मतलब यह है कि किसी प्रोडक्ट को सिर्फ Energy Drink कहकर बेचना या उसी नाम से प्रचार करना नियमों के अनुरूप नहीं माना जा सकता। नियामक का कहना है कि फूड कैटेगरी सिस्टम केवल प्रशासनिक वर्गीकरण के लिए है। इसे प्रोडक्ट का नाम या मार्केटिंग टर्म नहीं बनाया जा सकता।

नोटिस पाने वाले ब्रांड्स में Red Bull, Sting, Monster Energy, Campa Energy, Adrenaline Rush, Hell Energy और Gold Boost शामिल हैं। FSSAI का कहना है कि इन प्रोडक्ट्स की पैकेजिंग पर Energy Drink लिखा गया है। कुछ मामलों में ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर भी इन्हें इसी नाम से प्रमोट किया जा रहा है।

FSSAI ने केवल Energy Drink शब्द पर ही आपत्ति नहीं जताई है, बल्कि उन दावों पर भी सवाल उठाए हैं, जिनमें कहा जाता है कि यह ड्रिंक एनर्जी बढ़ाती है।फोकस बेहतर करती है या कमजोरी दूर करती है।नियामक का कहना है कि फूड प्रॉडक्ट्स के लिए इस तरह के फंक्शनल या थेरेप्यूटिक दावे नियमों के तहत स्वीकार्य नहीं हैं, जब तक उनके लिए नियामकीय अनुमति न हो।

इस नोटिस का मतलब यह नहीं है कि इन प्रोडक्ट्स की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। फिलहाल FSSAI ने कंपनियों से जवाब मांगा है और लेबलिंग व मार्केटिंग को नियमों के मुताबिक करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल सवाल इस बात पर है कि कंपनियां अपने प्रॉडक्ट्स को किस नाम और किन दावों के साथ बेच रही हैं न कि इस बात पर कि ये प्रॉडक्ट्स बाजार में बिक नहीं सकते हैं।

अब सभी की नजर कंपनियों के जवाब पर होगी।अगर FSSAI को कंपनियों का जवाब संतोषजनक नहीं लगता है तो आगे नियामकीय कार्रवाई हो सकती है।फिलहाल इस मामले में कंपनियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here