राहुल की सदस्यता पर तेज प्रताप ने की भविष्यवाणी,बोले-दिल्ली की गद्दी हिल कर रहेगी, जदयू ने जताया आश्चर्य

0
115

बीरेंद्र कुमार झा

राहुल गांधी को 2 साल की सजा और फिर संसद की सदस्यता रद्द करने पर बिहार विधानसभा में प्रदर्शन हुआ। लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और मंत्री तेज प्रताप यादव ने भविष्यवाणी कर दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली की गद्दी हिल कर रहेगी।

नरेंद्र मोदी दिल्ली की जिस कुर्सी पर बैठते हैं वह हिल जायेगी

वन एंव पर्यावरण मंत्री तेज प्रताप यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी जिस तरह का कारनामा कर रही है, उसका सफाया होना तय है। मैं आज भविष्यवाणी कर रहा हूं कि दिल्ली की जिस गद्दी पर नरेंद्र मोदी बैठे हैं, वो हिल कर रहेगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को साजिश के तहत फंसाया गया है। हम लोगों के परिवार के पीछे भी ये लोग पड़े हैं, लेकिन हमें न्यायालय पर भरोसा है।

कांग्रेस के साथ आरजेडी-माले-हम

राहुल गांधी के मामले में शुक्रवार को विधानसभा में महागठबंधन के विधायकों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस के साथ राजद, माले, हम पार्टी के नेता शामिल हुए, लेकिन जेडीयू शामिल नहीं हुई। हालांकि, दोपहर बाद जेडीयू नेता विजय कुमार चौधरी ने आश्चर्य जताया।

लोकतंत्र के लिए गलत संकेत

जेडीयू नेता विजय कुमार चौधरी ने कहा ये लोकतंत्र के लिए गलत संकेत है। आश्चर्य की बात है। इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए। न्याय की एक स्वाभाविक प्रक्रिया होती है और न्याय स्वाभाविक लगना भी चाहिए। कल ही कोर्ट का फैसला आया है और आज आनन-फानन में सदस्यता खत्म कर देना, अच्छा संकेत नहीं है।

राहुल गांधी की सदस्यता जाना पूर्व प्रायोजित

कांग्रेस विधायक शकील अहमद खान ने कहा कि राहुल गांधी की सदस्यता खत्म करना प्रायोजित और स्क्रिप्टेड था। राहुल गांधी लोगों की परेशानियों के मुद्दे को उठा रहे थे, जिसे बीजेपी कब तक बर्दाश्त करती। CBI-ED-IT के हमले हो ही रहे हैं। उन्होंने कहा कि डरे हुए लोग कमजोर होते हैं। इसलिए यह कार्रवाई कर रहे है।

कई मामलों में आरोपी है राहुल गांधी

इधर, बीजेपी विधायक संजय सरावगी ने कहा कि वो 9-9 कांड के अभियुक्त हैं। कोर्ट ने 2 साल की सजा दी है तो कानून के अनुसार सदस्यता जाना तय था। उन्होंने कहा कि उनके पक्ष में निर्णय आ जाए तो न्यायालय पर विश्वास है। विपक्ष में निर्णय आए तो कोर्ट गड़बड़ कर रहा है।

विधानसभा के बाहर प्रदर्शन

राहुल गांधी को सूरत कोर्ट ने गुरुवार को मानहानि का दोषी करार देते हुए 2 साल की कैद की सजा सुनाई है। इस मामले में बिहार विधानसभा के बाहर भी प्रदर्शन हुआ। कांग्रेस और राजद के विधायकों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।हालांकि जेडीयू का एक भी विधायक इस प्रदर्शन में शामिल नहीं हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here