Bihar News: बिहार के IAS-IPS अधिकारियों को मिला नया ‘साथी’, मुख्य सचिव ने लॉन्च की खास रेफरेंस बुक

0
5

Bihar News: बिहार में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सक्षम, जवाबदेह और नियमसम्मत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। सामान्य प्रशासन विभाग के मुख्य जाँच आयुक्त निदेशालय द्वारा तैयार की गई पुस्तक ‘Essential Companion of An AIS Officer’ का मंगलवार को मुख्य सचिवालय स्थित सभाकक्ष में बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने विमोचन किया।

इस अवसर पर राज्य के कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर के स्वागत भाषण से हुई। वहीं महानिदेशक-सह-मुख्य जाँच आयुक्त दीपक कुमार सिंह ने पुस्तक की विशेषताओं और उद्देश्य की विस्तृत जानकारी दी।

नए और सेवारत अधिकारियों के लिए उपयोगी होगी पुस्तक

दीपक कुमार सिंह ने बताया कि यह पुस्तक विशेष रूप से अखिल भारतीय सेवा (AIS) के नए और वर्तमान अधिकारियों के प्रशिक्षण, क्षमता संवर्द्धन और अनुशासनिक मामलों के प्रभावी संचालन को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इसका उद्देश्य अधिकारियों को सेवा संबंधी नियमों और प्रक्रियाओं की अद्यतन एवं समग्र जानकारी उपलब्ध कराना है।

नियम, परिपत्र और न्यायिक निर्णय एक ही जगह

इस पुस्तक में लोक सेवाओं से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों के साथ-साथ अखिल भारतीय सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 1969, अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियमावली, 1968, अभियोजन स्वीकृति से संबंधित प्रावधानों तथा सिंगल विंडो सिस्टम के तहत अपील और समीक्षा प्रक्रिया से जुड़े वर्ष 2023, 2024 और 2025 के नवीनतम दिशा-निर्देशों एवं परिपत्रों को शामिल किया गया है।

इसके अलावा विभिन्न महत्वपूर्ण न्यायिक निर्णयों का संकलन भी पुस्तक में किया गया है, जिससे अधिकारियों को प्रशासनिक एवं अनुशासनिक मामलों में निर्णय लेने में मदद मिलेगी।

मुख्य सचिव बोले- भविष्य की पीढ़ियों के लिए उपयोगी पहल

पुस्तक का विमोचन करते हुए मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने इसे प्रशासनिक अधिकारियों के लिए एक महत्वपूर्ण संदर्भ ग्रंथ बताया। उन्होंने कहा कि संकलित और अद्यतन जानकारी अधिकारियों को सेवा नियमों, अनुशासनिक प्रक्रियाओं और प्रशासनिक निर्णयों को बेहतर ढंग से समझने में सहायता करेगी।

उन्होंने मुख्य जाँच आयुक्त के नेतृत्व में कार्यरत टीम की सराहना करते हुए कहा कि विभाग डॉक्यूमेंटेशन, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए भी बेहद उपयोगी साबित होगी।

प्रशासनिक क्षमता निर्माण की दिशा में अहम कदम

कार्यक्रम के अंत में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मो. सोहैल ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि यह पुस्तक प्रशासनिक क्षमता निर्माण और सुशासन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह और प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरविंदर सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

क्यों खास है यह पुस्तक?

  • AIS अधिकारियों के लिए विशेष रेफरेंस बुक
  • सेवा नियमों और अनुशासनिक प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी
  • 2023, 2024 और 2025 के नवीनतम परिपत्र शामिल
  • महत्वपूर्ण न्यायिक फैसलों का संकलन
  • प्रशिक्षण और क्षमता संवर्द्धन में होगी मदद
  • प्रशासनिक निर्णयों को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने में सहायक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here