Bihar News: बिहार के लाखों गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य में यूरिया की उपलब्धता और खेतों में जल-जमाव की समस्या को लेकर सरकार ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट कहा है कि किसानों की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी कीमत पर किसानों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
मंगलवार को बिहार शुगर मिल्स एसोसिएशन (BSMA) के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने कृषि मंत्री से मुलाकात कर गन्ना किसानों की समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने यूरिया की उपलब्धता और जल-जमाव जैसी गंभीर चुनौतियों के समाधान के लिए ज्ञापन भी सौंपा।

2.50 लाख किसानों पर निर्भर है गन्ना उद्योग
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि बिहार में वर्तमान में 10 चीनी मिलें संचालित हैं, जिनसे करीब 2.50 लाख किसान जुड़े हुए हैं। राज्य में लगभग 2.60 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती की जा रही है।
किसानों की ओर से बताया गया कि यह समय गन्ने की फसल के लिए सबसे महत्वपूर्ण बढ़वार काल (Grand Growth Period) है। इस दौरान फसल को यूरिया की अधिक आवश्यकता होती है। पर्याप्त खाद नहीं मिलने से फसल की पत्तियां पीली पड़ रही हैं, जिससे उत्पादन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
कृषि मंत्री ने तुरंत दिए कार्रवाई के निर्देश
गन्ना किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मौके पर ही कृषि विभाग के प्रधान सचिव और कृषि निदेशक को आवश्यक निर्देश जारी किए।

उन्होंने कहा कि राज्य में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है और चीनी मिलों तथा गन्ना किसानों के लिए यूरिया की उपलब्धता प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाएगी। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों तक समय पर उर्वरक पहुंचे ताकि फसल को नुकसान से बचाया जा सके।
किसानों को जैविक खेती अपनाने की सलाह
कृषि मंत्री ने गन्ना उत्पादक किसानों से मिट्टी की जांच कराकर जरूरत के अनुसार ही उर्वरकों का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने और अधिक से अधिक जैविक एवं प्राकृतिक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही।
जल-जमाव की समस्या पर बनेगा स्थायी समाधान
बैठक में गन्ना क्षेत्रों में जल-जमाव की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। इस पर कृषि मंत्री ने कहा कि लघु जल संसाधन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर जल निकासी की बेहतर व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कृषि विभाग, लघु जल संसाधन विभाग और सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की एक विशेष संयुक्त बैठक जल्द बुलाने का निर्देश दिया है, ताकि समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके।
“किसानों को किसी भी कीमत पर परेशान नहीं होने देंगे”
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार किसानों की हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, “किसानों की समस्याओं का समाधान हमारी पहली प्राथमिकता है। अन्नदाताओं को किसी भी स्तर पर परेशान नहीं होने दिया जाएगा। यूरिया उपलब्धता और जल-जमाव जैसी समस्याओं का समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।”
BSMA ने जताया आभार
बिहार शुगर मिल्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने किसानों के मुद्दों पर त्वरित संज्ञान लेने और सकारात्मक पहल के लिए कृषि मंत्री का आभार व्यक्त किया। संगठन ने उम्मीद जताई कि सरकार की पहल से गन्ना किसानों को जल्द राहत मिलेगी।

