Delhi Traffic Update:राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से बंद किए गए और डायवर्ट किए गए कई प्रमुख रास्तों को ट्रैफिक पुलिस ने दोबारा खोल दिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और संबंधित मार्गों पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो रही है।
इन रास्तों पर बहाल हुआ ट्रैफिक
यात्रियों को राहत देने के लिए पुलिस ने धोला कुआं लूप से सरदार पटेल मार्ग, रोहिणी के महादेव चौक, मुकरबा चौक, एनएच-44 से जुड़े यूईआर खंड, महिंद्रा पार्क, हकीकत नगर नाला, आजादपुर और अरबिंदो मार्ग पर आईएनए से एम्स तक यातायात बहाल किया है।
इन इलाकों में भी प्रभावित रही आवाजाही
प्रदर्शन के दौरान शंकर रोड-वंदे मातरम टी-प्वाइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां, मंडी हाउस, मिंटो रोड-डीडीयू मार्ग, गुरु नानक चौक, चेम्सफोर्ड रोड और कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल समेत कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ था। लोदी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद, मदरसा टी-प्वाइंट, सम्राट होटल राउंडअबाउट और सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग क्रॉसिंग पर भी आवाजाही में बाधा आई।
ट्रैफिक पुलिस की यात्रियों से अपील
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को घर से निकलने से पहले ताजा यातायात अपडेट देखने की सलाह दी है। पुलिस के अनुसार, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि सड़कों पर आवाजाही सुचारू बनी रहे।

