न्यूज़ डेस्क
23 जून को पटना में विपक्षी एकता की बैठक को देखते हुए बीजेपी ने भी आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर अचानक एक अहम बैठक करने जा रही है। जानकारी के मुताबिक यह बैठक 11 जून को पार्टी के मुख्यालय में बुलाई गई है। इस बैठक में बीजेपी के सभी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे। खबर के मुताबिक इस बैठक में अमित शाह के साथ ही पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और बीएल संतोष भी रहेंगे। यह बैठक शाम को बुलाई गई है। हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस बैठक में शामिल होने को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट सूचना नहीं है, लेकिन यह बताया जा रहा है कि इस बैठक में पार्टी आलाकमान की तरफ से सभी मुख्यमंत्रियों और उप मुख्यमंत्रियों के साथ 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
इससे पहले 28 मई को देश के नए संसद भवन के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उप मुख्यमंत्रियों के साथ भाजपा राष्ट्रीय कार्यालय में बैठक की थी, जिसमें सभी राज्यों को केंद्र सरकार की योजनाओं को सही तरीके से लागू करने और प्रदेश में चलाई जा रही तमाम जन कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया था।
लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर अमित शाह, जेपी नड्डा और बीएल संतोष ने सोमवार, मंगलवार और बुधवार को लगातार 3 दिन तीन बार कई घंटे तक मैराथन बैठक की। पार्टी आलाकमान संगठन में एक बड़े बदलाव की तैयारी कर रहा है और यह बताया जा रहा है इन बड़े बदलावों से पहले बुलाई गई मुख्यमंत्री परिषद की बैठक विचार विमर्श के लिहाज से काफी अहम है, क्योंकि विपक्षी दलों की एकता की मुहिम को देखते हुए भाजपा लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती।

