Crossword Competition: राष्ट्रीय स्तर की क्रॉसवर्ड प्रतियोगिताओं में बिहार के विद्यार्थियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए कई प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किए हैं। राजधानी दिल्ली में आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह में बिहार के विभिन्न स्कूलों के छात्रों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
DPS पटना के छात्रों ने जीती ओवरऑल विनर ट्रॉफी
CCCC नेशनल क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड कॉन्टेस्ट 14.0 के ऑनलाइन चरण में डीपीएस पटना के नान्या देव सिंह और हेमांग चंद्र ने ओवरऑल विनर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं डॉन बॉस्को अकादमी, पटना के धैर्य पांडे ने उपविजेता का स्थान हासिल किया। दरभंगा पब्लिक स्कूल के शुभी श्रीवास्तव और सुधांशु नायक ने प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त कर बिहार का गौरव बढ़ाया।
दिल्ली में हुआ सम्मान समारोह
विजेताओं को YMCA, नई दिल्ली में आयोजित विशेष समारोह में सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) के. संजय मूर्ति मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों के लिए पढ़ने की आदत, तार्किक सोच और बौद्धिक जिज्ञासा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ज्ञान आधारित दुनिया में ऐसे कौशल भविष्य की सफलता की मजबूत नींव हैं।
कई प्रतिष्ठित हस्तियां रहीं मौजूद
समारोह में बिहार रेरा के अध्यक्ष एवं एक्स्ट्रा-सी के मुख्य मार्गदर्शक विवेक कुमार सिंह, जीएसटी आयुक्त शैलेश कुमार, कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव बालमुरुगन डी. और बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव दिवेश सेहरा सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
सभी अतिथियों ने छात्रों की शब्दावली, तार्किक क्षमता और अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ाने में क्रॉसवर्ड आधारित शिक्षण की भूमिका की सराहना की।
अलग-अलग राउंड में भी बिहार का दबदबा
प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में भी बिहार के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
राउंड-1 में भारतीय विद्या भवन की अंजलि नंदुरी और आराध्या रंजीत विजेता रहीं, जबकि धैर्य पांडे उपविजेता बने।
राउंड-2 में धैर्य पांडे ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि डीपीएस पटना के नान्या देव सिंह और हेमांग चंद्र दूसरे स्थान पर रहे।
राउंड-3 में नान्या देव सिंह और हेमांग चंद्र ने पहला पुरस्कार जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं बेगूसराय के डॉ. भीम राव अंबेडकर स्कूल के बिट्टू कुमार और शाहिल कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया।
ACAD School 2026 में भी बिहार के छात्रों का जलवा
ACAD School 2026 कार्यक्रम में भी बिहार के कई छात्रों को सम्मानित किया गया। बेगूसराय के डॉ. भीम राव अंबेडकर स्कूल के बिट्टू कुमार, आदित्य राज, रवि किशन, दिलखुश कुमार और गोपाल कुमार के साथ डीपीएस पटना के सप्तक गुप्ता को पूरे वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए।

शब्दों के खेल से बढ़ रही बौद्धिक क्षमता
इन प्रतियोगिताओं का आयोजन Extra-C संस्था द्वारा किया जाता है, जिसका उद्देश्य क्रॉसवर्ड को एक प्रभावी शिक्षण माध्यम के रूप में बढ़ावा देना है। संस्था देश और विदेश में विभिन्न आयु वर्गों के लिए नियमित रूप से प्रतियोगिताओं का आयोजन करती है।
आयोजकों के अनुसार आने वाले महीनों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर US Triple C और Canada Triple C जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, जिनका उद्देश्य वैश्विक स्तर पर क्रॉसवर्ड समुदाय को मजबूत बनाना है।
बिहार के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि राज्य के युवा केवल अकादमिक क्षेत्र ही नहीं, बल्कि बौद्धिक और तार्किक प्रतियोगिताओं में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं।

