पटना: नई दिल्ली में आयोजित इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में बिहार ने डिजिटल विकास और दूरसंचार कनेक्टिविटी से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भागीदारी की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया भी मौजूद रहे। बिहार की ओर से सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा के नेतृत्व में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने Centre-State Round Table Meeting में हिस्सा लिया।
गांवों तक इंटरनेट पहुंचाने पर चर्चा
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट और डिजिटल कनेक्टिविटी का विस्तार करने, दूरसंचार सेवाओं को अधिक विश्वसनीय बनाने और इंटरनेट के बेहतर उपयोग जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि के क्षेत्रों में तकनीक के इस्तेमाल से सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और आम लोगों को लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
दूरसंचार समस्याओं के समाधान के लिए व्यवस्था
सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि बिहार दूरसंचार सेवाओं के विकास और विस्तार के लिए केंद्र सरकार के दूरसंचार विभाग के साथ समन्वय बनाकर काम कर रहा है। उनके मुताबिक, राज्य में दूरसंचार क्षेत्र से संबंधित समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए चरणबद्ध व्यवस्था विकसित की गई है, ताकि विभिन्न मामलों का बेहतर तालमेल के साथ निपटारा हो सके।
बिहार में तकनीकी नवाचार और IT इकोसिस्टम पर फोकस
मंत्री ने कहा कि राज्य में डिजिटल कनेक्टिविटी, तकनीकी नवाचार और उभरती प्रौद्योगिकियों को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का लक्ष्य भविष्य की जरूरतों के अनुरूप मजबूत IT इकोसिस्टम तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया विजन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार डिजिटल सेवाओं के विस्तार और तकनीकी विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
डिजिटल भविष्य में बिहार की भागीदारी
कार्यक्रम में बिहार के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, IT इकोसिस्टम, नवाचार और नई तकनीकों की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। राज्य सरकार का जोर डिजिटल बदलाव को गति देने, तकनीकी नवाचार को प्रोत्साहित करने और नागरिकों तक डिजिटल सेवाएं पहुंचाने पर है। इन प्रयासों के जरिए बिहार देश के डिजिटल भविष्य में अपनी भागीदारी और मजबूत करना चाहता है।

