Saudi Arabia Airport Attacks: सऊदी अरब में अबहा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमलों के बाद भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने लोगों को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और परिस्थितियों के अनुसार घर के भीतर रहने की सलाह दी है। साथ ही स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
सोशल मीडिया पर वीडियो और खबरें साझा न करने की सलाह
भारतीय दूतावास ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौजूदा घटनाक्रम से संबंधित वीडियो, तस्वीरें या खबरें सोशल मीडिया पर साझा अथवा रीपोस्ट न करें। दूतावास के मुताबिक, मौजूदा हालात में अफवाहों से बचना और आधिकारिक माध्यमों से मिलने वाली सूचनाओं पर भरोसा करना जरूरी है।
दूतावास ने स्पष्ट किया कि सऊदी अरब में भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। VFS के माध्यम से उपलब्ध आउटसोर्स सेवाएं भी जारी हैं। जरूरत पड़ने पर नई एडवाइजरी जारी की जाएगी। सहायता के लिए 24 घंटे उपलब्ध PBSK हेल्पलाइन नंबर 8002471234 पर संपर्क किया जा सकता है।
नागरिक ठिकानों पर हमले को भारत ने बताया अस्वीकार्य
सऊदी अरब के दोनों एयरपोर्ट को निशाना बनाए जाने की भारत ने भी निंदा की है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा कि इन घटनाओं में लोगों की जान गई है और कई लोग घायल हुए हैं। मंत्रालय ने नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमले को अस्वीकार्य बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
भारत ने इस मुश्किल समय में सऊदी अरब की सरकार और वहां के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की है।
दो हमलों में तीन लोगों की मौत, 36 घायल
सऊदी अरब की जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (GACA) के अनुसार, दोनों एयरपोर्ट पर हमले अलग-अलग तारीखों पर हुए। अबहा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 6 अक्टूबर को हुए हमले में दो लोगों की मौत हुई, जबकि 28 अन्य घायल हो गए।
वहीं, रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 7 अक्टूबर को हुए हमले में एक व्यक्ति की जान चली गई और आठ लोग घायल हुए। इस तरह दोनों घटनाओं में कुल तीन लोगों की मौत और 36 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मिसाइल का मलबा गिरने से किंडरगार्टन और क्लिनिक को नुकसान
सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, रियाद में एक बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही रोककर नष्ट कर दिया गया। हालांकि, इसके मलबे के गिरने से एक किंडरगार्टन और मेडिकल क्लिनिक परिसर को नुकसान पहुंचा।
सऊदी सिविल डिफेंस ने बताया कि हूती मिलिशिया की ओर से मिसाइल दागे जाने के बाद यह घटना हुई। सूचना मिलने पर बचाव दल मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया।
यमन में हूतियों के 82 सैन्य ठिकाने नष्ट करने का दावा
सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने हमलों के जवाब में यमन में हूती मिलिशिया के खिलाफ कार्रवाई की है। गठबंधन ने इसे सऊदी अरब के नागरिक ठिकानों पर हुए हमलों के जवाब में उठाया गया कदम बताया।
गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी के अनुसार, संयुक्त सेनाओं ने यमन के सादा, अल हुदायदाह, अल जौफ और मारिब प्रांतों में हूती मिलिशिया के 82 सैन्य ठिकानों को नष्ट किया। उन्होंने कहा कि नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने वाली घटनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
10 अक्टूबर तक रियाद की उड़ानें रद्द
सऊदी अरब और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा हालात का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें 10 अक्टूबर तक रद्द करने का फैसला किया है।
एयरलाइन के प्रवक्ता के मुताबिक, यह कदम क्षेत्र की मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। प्रभावित यात्रियों को बिना अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तारीख बदलने या टिकट रद्द कर पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया जा रहा है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा है कि वह स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और हालात के अनुसार आगे के फैसले लेगी।

