Bihar News: बिहार में गन्ना किसानों के लिए खुला पोर्टल, 22 अगस्त तक करें आवेदन; बीज खरीद पर मिलेगा अनुदान

0
7

Bihar News: बिहार सरकार ने गन्ना किसानों के लिए बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री गन्ना विकास कार्यक्रम के तहत संचालित गन्ना बीज विकास योजना का ऑनलाइन पोर्टल खोल दिया है। अब राज्य के किसान 22 जुलाई से 22 अगस्त 2026 तक इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। योजना का उद्देश्य किसानों को उन्नत, प्रमाणित एवं सत्यापित गन्ना बीज उपलब्ध कराना और बीज खरीद पर सरकारी अनुदान देकर खेती की लागत कम करना है।

गन्ना उद्योग विभाग के अनुसार, योजना के तहत किसानों को सिंगल बड प्लांटलेट के लिए प्रमाणित एवं सत्यापित गन्ना बीज उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार इन उन्नत बीजों की खरीद पर अनुदान भी देगी, जिससे किसानों को बेहतर उत्पादन और अधिक आय प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

किसे कितना मिलेगा अनुदान?

योजना के तहत सामान्य वर्ग के किसानों को ₹260 प्रति क्विंटल की दर से बीज अनुदान मिलेगा। वहीं अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के किसानों को ₹310 प्रति क्विंटल की दर से अनुदान दिया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस पहल से उन्नत बीजों का उपयोग बढ़ेगा और गन्ने की उत्पादकता में सुधार होगा।

22 अगस्त तक कर सकते हैं आवेदन

गन्ना उद्योग विभाग ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभागीय पोर्टल को आवेदन हेतु खोल दिया है। इच्छुक किसान निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए 22 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने किसानों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि वे इस योजना का लाभ उठाकर अनुदानित दरों पर गुणवत्तापूर्ण गन्ना बीज प्राप्त कर सकें।

सरकार का कहना है कि यह योजना गन्ना उत्पादक किसानों की लागत कम करने, बेहतर उत्पादन को बढ़ावा देने और उनकी आय में वृद्धि करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here