Bihar News:बिहार सरकार ने राज्य के खनन क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। खान एवं भूतत्व विभाग, बिहार सरकार में नव-नियुक्त 8 खनिज विकास पदाधिकारियों (MDOs) ने गुरुवार को अपना योगदान दिया। इस मौके पर विभाग में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने सभी नव-नियुक्त अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये युवा अधिकारी बिहार के खनन क्षेत्र को नई ऊर्जा देने का काम करेंगे।
मंत्री ने दिया बड़ा संदेश
मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार खनिज संसाधनों के मामले में समृद्ध राज्य है और खनन क्षेत्र राज्य की अर्थव्यवस्था में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में नव-नियुक्त अधिकारियों की जिम्मेदारी काफी महत्वपूर्ण हो जाती है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ काम करें तथा बिहार और विभाग का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करें।
“सरकार हर कदम पर करेगी सहयोग”
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार और विभाग सभी नव-नियुक्त अधिकारियों को हर संभव सहायता और मार्गदर्शन प्रदान करेगा। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को “शुभकामना पत्र” भी वितरित किया।

सचिव ने अनुशासन और जवाबदेही पर दिया जोर
विभाग के सचिव अवनीश कुमार सिंह ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि विभागीय कार्यों में अनुशासन, जवाबदेही और जनहित सर्वोपरि होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभव और ज्ञान को जमीनी स्तर पर लागू कर राज्य के खनन प्रशासन को और मजबूत बनाया जा सकता है।
BIPARD में होगा प्रशिक्षण
जानकारी के अनुसार सभी नव-नियुक्त खनिज विकास पदाधिकारी 25 मई 2026 से Bihar Institute of Public Administration and Rural Development (BIPARD) में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इसके बाद वे अपने-अपने जिलों में योगदान देंगे। इस अवसर पर विभाग के निदेशक (खान) मनेश कुमार मीणा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

