Bihar Jobs: बिहार सरकार ने राज्य के विज्ञान और तकनीकी संस्थानों को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। कैबिनेट बैठक में बिहार काउंसिल ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी यानी Bihar Council on Science and Technology में पुराने और अप्रासंगिक पदों को समाप्त कर 53 नए पद सृजित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।
इस फैसले के बाद अब बिहार में युवा वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और तकनीकी विशेषज्ञों के लिए नौकरी के नए अवसर खुलने वाले हैं।
मंत्री शीला कुमारी ने क्या कहा?
विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की मंत्री शीला कुमारी ने कहा कि यह फैसला बिहार की वैज्ञानिक सोच को नया आयाम देगा। उन्होंने कहा कि आज दुनिया AI, सैटेलाइट तकनीक और स्पेस साइंस की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है, ऐसे में बिहार के विज्ञान संस्थानों को भी आधुनिक विशेषज्ञों से लैस करना जरूरी था।
इन संस्थानों की बदलेगी सूरत
सरकार ने जिन संस्थानों में बदलाव का फैसला लिया है, उनमें शामिल हैं:
- Bihar Council on Science and Technology
- Indira Gandhi Science Complex
- Taramandal Patna
- Bihar Remote Sensing Application Center
मंत्री ने कहा कि इन संस्थानों को मजबूत करने से बिहार में वैज्ञानिक अनुसंधान, स्पेस साइंस, आपदा प्रबंधन और तकनीकी विकास को नई गति मिलेगी।
क्यों अहम है बिरसेक और तारामंडल?
मंत्री शीला कुमारी के मुताबिक, बिरसेक यानी बिहार रिमोट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर को मजबूत करने से:
- खेती की निगरानी बेहतर होगी
- बाढ़ की पूर्व चेतावनी प्रणाली मजबूत होगी
- शहरों की बेहतर प्लानिंग हो सकेगी
- आपदा प्रबंधन क्षमता बढ़ेगी
वहीं तारामंडल बच्चों और आम लोगों के लिए खगोल विज्ञान का प्रमुख केंद्र बनेगा।
94 पुराने पदों की जगह आएंगे नए विशेषज्ञ
सरकार के अनुसार पहले से कुल 94 पद स्वीकृत थे, लेकिन इनमें से कई अब अप्रासंगिक हो चुके थे। ऐसे में:
- 87 पुराने पद समाप्त किए जाएंगे
- 53 नए पद सृजित होंगे
- 62 खाली पद तुरंत खत्म होंगे
- 17 नियमित कर्मचारी रिटायरमेंट तक काम करेंगे
- 5 संविदा कर्मी संविदा अवधि पूरी होने तक बने रहेंगे
सरकार का कहना है कि नए पदों पर भर्ती सामान्य प्रशासन विभाग के नियमों के अनुसार की जाएगी।
जल्द जारी होगी भर्ती प्रक्रिया
मंत्री शीला कुमारी ने बताया कि इन 53 पदों पर नियुक्ति और पदोन्नति की रूपरेखा जल्द जारी की जाएगी, ताकि संस्थानों में विशेषज्ञों की नियुक्ति तेजी से हो सके।

