Bihar News: गन्ना किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, अब गांव-गांव पहुंचेगा ‘गन्ना रथ’, बीज से मशीन तक मिलेगा भारी अनुदान

0
5

Bihar News: बिहार सरकार ने गन्ना किसानों के लिए कई बड़ी योजनाओं का ऐलान किया है। गन्ना उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक में गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को समय पर प्रमाणित और गुणवत्तायुक्त गन्ना बीज उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में गन्ना विकास, आधुनिक खेती, यंत्रीकरण और किसानों की आय बढ़ाने को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।

गांव-गांव पहुंचेगा ‘गन्ना रथ’

मंत्री संजय कुमार ने अधिकारियों को “गन्ना रथ” अभियान शुरू करने का निर्देश दिया। इस अभियान के तहत गांव-गांव जाकर किसानों को आधुनिक गन्ना खेती, वैज्ञानिक तकनीक और उत्पादन बढ़ाने के तरीके बताए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि खासतौर पर उन पंचायतों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा जहां नई चीनी मिलों की स्थापना प्रस्तावित है, ताकि किसान नए अवसरों का लाभ उठा सकें।

गुड़ प्रोत्साहन योजना से बढ़ेगी किसानों की कमाई

बैठक में “गुड़ प्रोत्साहन योजना” की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र किसान-उद्यमियों को जल्द से जल्द लाइसेंस उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने किसानों से Cane Care Portal के जरिए अधिक संख्या में ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की। सरकार का मानना है कि इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार बढ़ेगा और किसानों को अतिरिक्त आय का नया स्रोत मिलेगा।

किसानों को मिलेगा 70% तक अनुदान

गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों की खरीद पर 50 से 70 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा।

इसके अलावा: कस्टम हायरिंग सेंटर,कृषि उद्यमी यंत्र बैंक के माध्यम से भी छोटे और सीमांत किसानों को रियायती दरों पर आधुनिक मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी।

नई चीनी मिलों और बीज उत्पादन पर फोकस

विभाग ने इस वित्तीय वर्ष में नई चीनी मिलों की स्थापना और गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए कई नई पहल शुरू की हैं। इसके तहत: Indian Institute of Sugarcane Research (IISR लखनऊ), Dr. Rajendra Prasad Central Agricultural University के सहयोग से उन्नत गन्ना बीज उत्पादन की प्रक्रिया शुरू की गई है।

किसानों को बीज पर भी मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना के तहत अब किसानों को गन्ना बीज उपलब्ध कराने पर 470 रुपये प्रति क्विंटल की सहायता राशि दी जाएगी। साथ ही गन्ना बीज परिवहन पर भी अनुदान का प्रावधान किया गया है।

मंत्री ने क्या कहा?

मंत्री संजय कुमार ने कहा कि सरकार गन्ना क्षेत्र विस्तार और आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट और किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बैठक में विभागीय सचिव धर्मेन्द्र सिंह और संयुक्त ईखायुक्त वेदव्रत कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here