Bihar News: बिहार सरकार किसानों को समय पर खाद-बीज और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारी में जुट गई है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा के बीच शुक्रवार को अहम बैठक हुई, जिसमें कृषि क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, Farmer Registry अभियान को मजबूत बनाने, बागवानी नीति, बिहार बागवानी नर्सरी अधिनियम और मधु क्रांति अभियान जैसे विषयों पर गहन विमर्श हुआ।
किसानों को समय पर मिलेगा खाद और बीज
बैठक के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि किसानों को खाद और बीज वितरण में किसी प्रकार की परेशानी न हो। सरकार ने स्पष्ट किया कि अनुदान योजनाओं का लाभ किसानों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना उसकी प्राथमिकता है।
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि Farmer Registry के जरिए किसानों को खाद-बीज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया और अधिक आसान और पारदर्शी बनाई जाएगी।
Farmer Registry अभियान पर सरकार का फोकस
बैठक में Farmer Registry अभियान को और प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई। सरकार का मानना है कि इससे किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।
इसके जरिए किसानों की पहचान मजबूत होगी,अनुदान वितरण में पारदर्शिता आएगी, योजनाओं का लाभ सही किसानों तक पहुंचेगा और कृषि सेवाओं को डिजिटल तरीके से जोड़ा जा सकेगा।
बागवानी और मधु क्रांति को मिलेगा बढ़ावा
बैठक में बिहार बागवानी नर्सरी अधिनियम को और मजबूत बनाने पर भी सहमति बनी। सरकार राज्य में बागवानी क्षेत्र को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।
इसके अलावा मधु क्रांति अभियान को तेज करने पर भी चर्चा हुई। सरकार मधुमक्खी पालन और शहद उत्पादन को बढ़ावा देकर किसानों और मधुमक्खी पालकों की आमदनी बढ़ाना चाहती है।
खरीफ फसलों को लेकर भी बनी रणनीति
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि 28 और 29 मई 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कार्यशाला को लेकर भी मुख्यमंत्री के साथ चर्चा हुई।
इस दौरान खरीफ फसलों के उत्पादन, किसानों की जरूरतों, कृषि संभावनाओं और नई रणनीतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
कृषि क्षेत्र को आधुनिक बनाने पर सरकार का जोर
बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि कृषि क्षेत्र को आधुनिक, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के लिए नई योजनाओं और नीतियों को प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा।
कृषि मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

