Bihar News:राजगीर क्रिकेट स्टेडियम से साइंस सिटी तक मेगा प्रोजेक्ट्स की समीक्षा, मंत्री लेशी सिंह ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

0
8

Bihar News: बिहार में चल रही बड़ी निर्माण परियोजनाओं की प्रगति को लेकर भवन निर्माण विभाग की मंत्री लेशी सिंह ने मंगलवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। विश्वेश्वरैया भवन में आयोजित इस बैठक में पटना उपभाग और संरचना प्रमंडल के अंतर्गत चल रही विभिन्न परियोजनाओं की स्थिति का विस्तृत आकलन किया गया। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसी भी परियोजना में देरी और गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण गुणवत्ता और कार्यों में आ रही बाधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

राजगीर क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण कार्य में तेजी

समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि राजगीर खेल परिसर में बन रहे अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम में तीन दर्शक दीर्घाओं (स्टैंड) का निर्माण कार्य जारी है। इनमें से एक स्टैंड का स्ट्रक्चर तैयार हो चुका है। शेष कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अलावा खेल परिसर में निर्माणाधीन वेलोड्रम और दो बड़े इंडोर हॉल का काम भी तेज गति से आगे बढ़ रहा है।

साइंस सिटी के दूसरे चरण पर विशेष फोकस

बैठक में एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी के फेज-2 की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि ‘सस्टेनेबल प्लैनेट’, ‘एस्ट्रोनॉमी एंड स्पेस’ और ‘बॉडी एंड माइंड’ गैलरियों के लिए डिजाइन और तकनीकी ड्रॉइंग तैयार करने का कार्य प्रगति पर है। साथ ही पटना संग्रहालय में संरक्षण और आधुनिकीकरण के कार्यों को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।

विधायक हॉस्टल और न्यायालय भवनों का निर्माण अंतिम चरण में

समीक्षा के दौरान विधायकों के लिए बन रहे हॉस्टल, कैंटीन और कम्युनिटी सेंटर की प्रगति पर भी चर्चा हुई। वहीं भागलपुर के सबौर स्थित कृषि जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के शैक्षणिक भवन और छात्रावासों में स्ट्रक्चर तथा ईंट-निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। वर्तमान में फिनिशिंग का काम चल रहा है।

नालंदा के बिहारशरीफ में बन रहे व्यवहार न्यायालय परिसर में कोर्ट भवन, एमेनिटी बिल्डिंग और हाजत भवन के स्ट्रक्चर एवं प्लास्टर का कार्य भी पूरा हो चुका है और अंतिम चरण का काम जारी है।

फुलवारी शरीफ और राजगीर के आवासीय विद्यालय जल्द होंगे तैयार

अधिकारियों ने बताया कि फुलवारी शरीफ और राजगीर में निर्माणाधीन 720 क्षमता वाले आवासीय विद्यालयों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इन्हें जल्द पूरा कर लिया जाएगा। वहीं बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय परियोजना भी उन्नत चरण में पहुंच चुकी है।

अग्निशमन व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश

मंत्री लेशी सिंह ने मानवाधिकार भवन, जीविका मुख्यालय, एजी कार्यालय, विकास भवन, सूचना भवन, बिहार विधानसभा डिजिटल संग्रहालय और मुख्य सचिवालय में चल रहे अग्निशमन अधिष्ठापन कार्यों की भी समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्मोक डिटेक्टर, वॉटर टैंक, पंप हाउस और फायर स्प्रिंकलर की टेस्टिंग एवं कमीशनिंग का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए ताकि सरकारी भवनों में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जा सकें।

देरी और लापरवाही पर होगी कार्रवाई

बैठक के दौरान विभागीय सचिव प्रणव कुमार ने लंबित परियोजनाओं को लेकर नाराजगी जाहिर की और अभियंताओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

मंत्री लेशी सिंह ने भी स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। यदि किसी परियोजना में लापरवाही या गुणवत्ता संबंधी कमी पाई गई तो संबंधित अभियंता और संवेदक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

समयसीमा के भीतर पूरे होंगे सभी प्रोजेक्ट

समीक्षा के अंत में मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य की महत्वपूर्ण परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास से जुड़ी इन परियोजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here