Bihar News: बिहार सरकार ने राज्य के विकास में दुनिया भर में बसे बिहार मूल के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। सूचना प्रावैधिकी विभाग द्वारा विकसित विशेष डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ सोमवार को सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा ने किया। इस मंच का उद्देश्य वैश्विक बिहारी समुदाय की प्रतिभा, अनुभव, नवाचार और निवेश क्षमता को बिहार के विकास से जोड़ना है।
लॉन्च कार्यक्रम के दौरान विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह भी मौजूद रहे। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि बिहार के लोग आज दुनिया के विभिन्न देशों, प्रतिष्ठित संस्थानों और अग्रणी संगठनों में अपनी पहचान बना चुके हैं। ऐसे में उनके ज्ञान, अनुभव और संसाधनों को राज्य के विकास में उपयोग करना समय की आवश्यकता है।
दुनिया के किसी भी कोने से बिहार के विकास में दे सकेंगे योगदान
मंत्री ने बताया कि नए डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए दुनिया के किसी भी हिस्से में रहने वाले बिहारी राज्य सरकार के साथ सीधे जुड़ सकेंगे। वे अपने सुझाव, विशेषज्ञता, नवाचार, स्वयंसेवी सहयोग और निवेश प्रस्ताव ऑनलाइन साझा कर सकेंगे।
सरकार का मानना है कि यह मंच बिहार और वैश्विक बिहारी समुदाय के बीच एक मजबूत संवाद और सहभागिता तंत्र के रूप में कार्य करेगा, जिससे राज्य के विकास को नई गति मिलेगी।
तीन खास विकल्पों के जरिए होगी भागीदारी
इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लोगों को तीन प्रमुख श्रेणियों के माध्यम से जुड़ने का अवसर दिया गया है।
Change Maker
इस विकल्प के तहत विशेषज्ञ, शिक्षाविद, तकनीकी विशेषज्ञ और प्रोफेशनल्स बिहार के विकास के लिए अपने सुझाव, आइडिया और नवाचार संबंधी प्रस्ताव साझा कर सकेंगे।
Volunteer
जो लोग सामाजिक, तकनीकी या विकासात्मक अभियानों में सहयोग देना चाहते हैं, वे स्वयंसेवक के रूप में पंजीकरण कर राज्य की विभिन्न परियोजनाओं में भागीदारी निभा सकेंगे।
Investment
उद्योगपति, स्टार्टअप संस्थापक और निवेशक बिहार में निवेश, उद्योग स्थापना, रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार से जुड़े प्रस्ताव सरकार तक पहुंचा सकेंगे।
डिजिटल इंडिया से विकसित बिहार तक
नीतीश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ विजन को आगे बढ़ाते हुए यह पहल शुरू की गई है। इससे दुनिया भर में फैले बिहारियों को एक साझा मंच मिलेगा, जहां से वे बिहार के विकास, नवाचार और निवेश यात्रा का हिस्सा बन सकेंगे।
उन्होंने बताया कि बिहार AI Summit 2026 के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य से बाहर रहने वाले बिहारियों से जन्मभूमि के विकास में योगदान देने की अपील की थी। उसी सोच को मूर्त रूप देने के लिए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है।
पोर्टल की मॉनिटरिंग खुद करेंगे मंत्री
नीतीश मिश्रा ने कहा कि इस पोर्टल पर आने वाले सुझावों और निवेश प्रस्तावों की मॉनिटरिंग वे स्वयं करेंगे। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर उपयोगी सुझाव और प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार हो तथा उसे जमीन पर उतारा जा सके।
उन्होंने कहा कि बिहार की सबसे बड़ी ताकत उसके लोग हैं। वैश्विक बिहारी समुदाय के अनुभव, दृष्टिकोण और विशेषज्ञता की मदद से बिहार को ज्ञान-आधारित, तकनीक-संचालित और नवाचार-प्रधान राज्य बनाने का लक्ष्य तेजी से हासिल किया जा सकेगा।

