Russia Tu-95 Crash:रूस से एक बड़े विमान हादसे की खबर सामने आई है। देश का Tu-95 रणनीतिक बमवर्षक विमान अमूर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार चालक दल के सात सदस्यों में से छह की मौत हो गई, जबकि एक सदस्य घायल बताया जा रहा है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अमूर क्षेत्र के सुनसान इलाके में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना रूस के सुदूर पूर्व में स्थित अमूर क्षेत्र के एक निर्जन इलाके में हुई। रूस के रक्षा मंत्रालय ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान प्रशिक्षण उड़ान पर था। दुर्घटना के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा।
विमान में नहीं थे हथियार
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, हादसे के वक्त Tu-95 में कोई हथियार मौजूद नहीं था। हालांकि, विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित कर घटनास्थल पर भेजी गई है।
उड़ान के कुछ देर बाद हुआ क्रैश
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान ने उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद हादसे का शिकार हुआ। दुर्घटना के बाद विमान के ईंधन टैंक में विस्फोट होने से आग भड़क उठी और मलबा आग की चपेट में आ गया। सात सदस्यीय क्रू में से छह की जान चली गई, जबकि एक सदस्य घायल अवस्था में बचाया गया।
परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है Tu-95
Tu-95 रूस का लंबी दूरी का रणनीतिक बमवर्षक विमान है और इसे परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम विमान के तौर पर जाना जाता है। हालांकि, रूस के रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना के समय विमान में कोई हथियार नहीं था।
हादसे की परिस्थितियों और तकनीकी कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। इससे पहले अमेरिका में भी प्रशिक्षण के दौरान F-16 लड़ाकू विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना सामने आई थी।

