गृहमंत्री शाह से मुलाकात के बाद पुनिया और साक्षी अपने काम पर लौटे !

0
72


न्यूज़ डेस्क 

गृह मंत्री अमित शाह से पहलवानों की मुलाकात के बाद बजरंग पुनिया और साक्षी मलिक अपने काम पर लौट गए हैं। ये दोनों रेलवे में काम करते हैं। पिछली रात बजरंग पुनिया ,साक्षी मलिक और विनेश फोगट ने गृहमंत्री शाह से मिलने गए थे। करीब दो घंटे तक ये मुलाकात हुई। हालांकि क्या बातचीत हुई इसका खुलासा नहीं हुआ है लेकिन पहलवानो ने यही कहा है कि हमार मांग आज भी बरकरार है। हमारा आंदोलन आज भी जारी है और हम किसी भी तरह का समझौता नहीं  कर रहे हैं। लेकिन मीडिया में अब कई तरह की खबरे चल रही है। कहा जा रहा है कि शाह से मुलाकात के बाद पहलवानो का आंदोलन ख़त्म हो गया है।         इधर साक्षी मलिक और बजरंग पुनिया ने कहा है कि वे अपने कामों पर लौट गए हैं लेकिन आंदोलन जारी है। उन्होंने साफ किया कि वे विरोध से पीछे नहीं हट रहे हैं। साक्षी मलिक ने कहा, “हमने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की, यह एक सामान्य बातचीत थी।  हमारी केवल एक ही मांग है और वह है बृजभूषण  सिंह को गिरफ्तार करें। “
              उन्होंने  कहा, “मैं विरोध से पीछे नहीं हटी हूं। रेलवे में ओएसडी के रूप में मैंने अपना काम फिर से शुरू कर दिया है। मैं स्पष्ट करना चाहती हूं कि जब तक हमें न्याय नहीं मिल जाता तब तक हम विरोध करते रहेंगे। हम पीछे नहीं हटेंगे. उसने (नाबालिग लड़की) कोई प्राथमिकी वापस नहीं ली है, यह सब फर्जी है। ”
              साक्षी मलिक ने धरने से हटने की खबरों को गलत करार देते हुए कहा, “ये खबर बिलकुल गलत है। इंसाफ की लड़ाई में न हम में से कोई पीछे हटा है, न हटेगा।  सत्याग्रह के साथ-साथ रेलवे में अपनी जिम्मेदारी को साथ निभा रही हूं। इंसाफ मिलने तक हमारी लड़ाई जारी है। कृपया कोई गलत खबर न चलाई जाए।”        
           वहीं बजरंग पुनिया ने ट्वीट किया, “आंदोलन वापस लेने की खबरें कोरी अफवाह हैं। ये खबरें हमें नुकसान पहुंचाने के लिए फैलाई जा रही हैं। हम न पीछे हटे हैं और न ही हमने आंदोलन वापस लिया है। महिला पहलवानों की एफआईआर उठाने की खबर भी झूठी है. इंसाफ मिलने तक लड़ाई जारी रहेगी।” पहलवान और साक्षी मलिक के पति सत्यव्रत कादियान ने कहा, “हमारे निर्णय को प्रभावित करने के लिए इस तरह की चीजें चलाई जा रही हैं। हम विरोध से पीछे नहीं हटे हैं। हमारा विरोध जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here