बीरेंद्र कुमार झा
नई दिल्ली रेल मार्ग पर धनबाद स्टेशन के बीच रेलवे फाटक के पास बड़ी घटना हो गई है। यहां 13 लोग 25000 वोल्ट करंट की चपेट में आ गए जिसमें से 6 लोगों की मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा
दरअसल निश्चितपुर रेल फाटक के पास मजदूर पोल गाड़ रहे थे। पोल गाड़ने के लिए उन्होंने शटडाउन नहीं लिया था।काम के दौरान पोल डगमगा कर 25,000 वॉट के ओवरहेड तार से छू गया। इसके बाद करंट की चपेट में आने से मौके पर छह लोगों की मौत हो गई । प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना डाउन लाइन की पोल संख्या 7 में घटी है। घटना के दौरान मौके पर तेरह लोग मौजूद थे। करेंट की चपेट में आने से छह मजदूर जिंदा जलकर मर गए, जबकि 2 मजदूर किसी तरह वहां से जान बचाकर भाग निकले। बगल के बस्ती की एक युवती निशा कुमारी जो उसी जगह के एक चापाकल से पानी ले रही थी ,वह भी करंट की चपेट में आ गई।हालांकि उसकी स्थिति उतनी गंभीर नहीं है।
रेलवे के आलाअधिकारी पहुंचे घटना स्थल
घटना की जानकारी मिलते ही डीआरएम कमल किशोर सिन्हा सहित रेलवे के आलाअधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। मरने वाले मजदूर लातेहार, पलामू और इलाहाबाद के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मृतकों में गोविंद सिंह, श्याम देव सिंह, सुरेश मिस्त्री, श्याम भैया, संजय राम और एक अन्य शामिल है।
अलग-अलग स्टेशनों पर रोकी गई ट्रेनें
घटना के बाद इस रूट पर आने जाने वाले ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायलों की हालत अभी स्थिर बनी हुई है। हादसे के बाद यहां आम जनों का जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोग इस घटना के लिए ठेकेदार और रेलवे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।उनका कहना है कि अगर रेलवे ने लापरवाही न बरती होती तो यह दुर्घटना नहीं घटती।
क्या कहते हैं प्रत्यक्षदर्शी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट लगने से 1 घंटे तक आग धधकती रही। इससे आसपास के इलाकों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलने पर बाघमारा एसडीपीओ निशा मुर्मू, रामकनाली ओपी प्रभारी वीके चेतन सहित अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की।
क्या कहा डीआरएम ने
घटनास्थल पर पहुंचे डीआरएम से जब इस मामले में रेलवे की लापरवाही को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बगैर पावर ब्लॉक के यह काम चल रहा था।घटना की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी शवों को निकाल लिया गया है। पुलिस मामले में जुट गई है और ट्रेन सेवा बहाल कर दी गई है।
