Badr MoU Agreement: वैश्विक रक्षा परिदृश्य में एक नया मोड़ देखने को मिला है। पाकिस्तान, तुर्की, कतर और इंडोनेशिया ने अपने सैन्य संबंधों को मजबूत करने और रक्षा उत्पादन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए बुधवार को ‘बद्र समझौता ज्ञापन’ (Badr MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। कतर की राजधानी दोहा में हुए इस ऐतिहासिक समझौते का मुख्य उद्देश्य चारों देशों के बीच रक्षा उद्योग, तकनीकी सैन्य प्रशिक्षण और अनुसंधान एवं विकास (R&D) में तालमेल बैठाना है।
दोहा में हुई डील, जानिए कौन-कौन हुआ शामिल
तुर्की के रक्षा मंत्रालय द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस साझेदारी से चारों देशों की औद्योगिक क्षमताओं का सामूहिक उपयोग किया जाएगा। कतर में आयोजित हस्ताक्षर समारोह में: पाकिस्तान: रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ,तुर्की: रक्षा मंत्री यासर गुलर,कतर: उपप्रधानमंत्री व रक्षा मामलों के प्रभारी शेख सऊद बिन अब्दुलरहमान,इंडोनेशिया: उपरक्षा मंत्री युसुफ जुहारी ने अपनी-अपनी सरकारों की तरफ से इस महत्वपूर्ण ज्ञापन पर दस्तखत किए। हालांकि, पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शरीफ सरकार ने इस समझौते की विस्तृत जानकारी को लेकर फिलहाल गोपनीयता बनाए रखी है।
क्या है ‘बद्र समझौते’ का मुख्य मकसद?
इस समझौते का केंद्र बिंदु चारों मित्र देशों की रक्षा आवश्यकताओं को पूरा करना और तकनीकी प्रगति को साझा करना है। इसके मुख्य बिंदुओं में शामिल हैं:
- संयुक्त सैन्य अभ्यास और एडवांस्ड ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित करना।
- आधुनिक हथियारों और रक्षा प्रणालियों के निर्माण के लिए शोध व विकास (R&D) में सहयोग।
- चारों राष्ट्रों के रक्षा उद्योगों के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करना ताकि उत्पादन क्षमता में वृद्धि हो सके।
‘मक्का पैक्ट’ से कितना अलग है यह समझौता?
यह नया घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब तुर्की खाड़ी और एशियाई देशों के साथ अपने रक्षा संबंधों का विस्तार कर रहा है। इससे पहले 7 अगस्त को तुर्की, पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच ‘मक्का पैक्ट’ नाम से एक त्रिपक्षीय सैन्य समझौता हुआ था, जिसमें किसी एक देश पर हमले को तीनों पर हमला मानने का प्रावधान था।
इसके विपरीत, हाल ही में हस्ताक्षरित ‘बद्र समझौता’ किसी भी रक्षात्मक हमले या विशिष्ट हथियार प्रणाली के संयुक्त उत्पादन की बात नहीं करता, बल्कि यह मुख्य रूप से तकनीकी, औद्योगिक और अनुसंधान के क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग पर केंद्रित है।

