Nahid Islam Bangladesh: बांग्लादेश की नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के संयोजक और सांसद नाहिद इस्लाम ने भारत को लेकर एक बार फिर तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत बांग्लादेश के खिलाफ गतिविधियों के लिए अपनी जमीन का इस्तेमाल होने दे रहा है और एक ऐसे व्यक्ति को संरक्षण दे रहा है, जिसे उन्होंने हत्यारा बताया। नाहिद ने भारतीय प्रभाव का मुकाबला करने के लिए देश की राजनीतिक ताकतों से एकजुट होने की अपील भी की।
उनका यह बयान प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात के बाद आया। ढाका स्थित सचिवालय में हुई इस बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में नाहिद ने सरकार से भारत के साथ जुड़े मुद्दों पर सख्त रुख अपनाने की मांग की। इनमें पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण और गंगा जल बंटवारा संधि के नवीनीकरण का मामला भी शामिल है।
नाहिद इस्लाम ने प्रधानमंत्री से राष्ट्रीय एकता वार्ता का दायरा बढ़ाने की अपील की। उनका कहना है कि बातचीत केवल अवामी लीग की गतिविधियों से पैदा हुई मौजूदा सुरक्षा और राजनीतिक चुनौतियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने जुलाई विद्रोह से जुड़े राजनीतिक और सामाजिक समूहों को साथ लाकर देश की लंबी अवधि की समस्याओं पर काम करने की जरूरत बताई।
इन चुनौतियों में अवामी लीग से जुड़े लोगों के खिलाफ मामलों की सुनवाई और सजा, भारत के कथित हस्तक्षेप से निपटना तथा फरवरी के जनमत संग्रह के फैसलों के अनुरूप संस्थागत सुधार शामिल हैं।
इस बीच, शेख हसीना की दिसंबर में संभावित वापसी की चर्चा के बीच बांग्लादेश में अवामी लीग के समर्थकों की गतिविधियां भी बढ़ने की खबरें हैं। खासकर उनके गृह जिले गोपालगंज में समर्थकों की सक्रियता देखी गई है। पिछले सप्ताह वहां BNP से जुड़े कुछ प्रतिष्ठानों और एक पुलिस थाने में आगजनी की घटनाएं हुईं। अंतरिम सरकार का नेतृत्व कर चुके मुहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर को भी निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। इन घटनाओं के बीच बांग्लादेश का राजनीतिक माहौल एक बार फिर तनावपूर्ण बना हुआ है।

