बांग्लादेश जा रहा था 405 टन मिसाइल निर्माण में इस्तेमाल होने वाला केमिकल! इंडोनेशिया ने समुद्र में पकड़ा जहाज

0
4

China to Bangladesh Cargo Ship: इंडोनेशिया की नौसेना ने बेलावन के समुद्री इलाके में एक संदिग्ध मालवाहक जहाज को अपने कब्जे में लिया है। कोमोरोस के झंडे वाला यह जहाज 405 टन सोडियम परक्लोरेट लेकर जा रहा था। इस रसायन का इस्तेमाल औद्योगिक गतिविधियों के अलावा रॉकेट ईंधन और कुछ प्रकार के विस्फोटक बनाने में भी किया जाता है। जहाज से लाखों की संख्या में बिना पंजीकरण वाले खाली 4G LTE SIM कार्ड भी बरामद हुए हैं।

नौसेना के मुताबिक, MV Star Line नामक जहाज को 7 नवंबर को रोका गया था। यह चीन के लियानयुंगांग बंदरगाह से बांग्लादेश के मोंगला पोर्ट की ओर जा रहा था। इंडोनेशियाई नौसेना के क्षेत्रीय कमान-I के प्रमुख रियर एडमिरल डेनी सेप्टियाना ने 20 नवंबर को बेलावन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस कार्रवाई की जानकारी दी।

तय रास्ते से भटकने पर हुआ शक

बताया गया कि ईंधन भरने के लिए जहाज बेलावन के जलक्षेत्र में रुका था। इसी दौरान नौसेना के गश्ती पोत KRI Sigalu-857 ने उसकी गतिविधियों को संदिग्ध पाया। जहाज अपने निर्धारित मार्ग से अलग चल रहा था। इसके बाद नौसेना के जवानों ने उससे संपर्क कर जांच की तो दस्तावेजों और माल से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आईं।

जांच में पता चला कि जहाज पर मौजूद 36 कंटेनरों में से 15 में 405 टन सोडियम परक्लोरेट रखा था। रियर एडमिरल डेनी सेप्टियाना के अनुसार, इतनी मात्रा में मौजूद रसायन से संभावित रूप से करीब 100 मिसाइलें बनाई जा सकती थीं। इसके अलावा 54 पैलेट में लाखों अनरजिस्टर्ड खाली 4G LTE SIM कार्ड भी मिले।

जहाज के कागजात पर भी सवाल

नौसेना की जांच में जहाज के पंजीकरण संबंधी दस्तावेजों में भी गड़बड़ियां मिलीं। कागजात पर पंजीकरण की वैधता 8 अक्टूबर 2027 तक दर्ज थी, लेकिन जांच में जहाज का रजिस्ट्रेशन निलंबित पाया गया। शिपिंग दस्तावेजों के फर्जी होने की आशंका भी जताई गई है। अधिकारियों के अनुसार, जहाज ने रेडियो संचार का जवाब भी कथित तौर पर नहीं दिया था।

जहाज को 8 नवंबर की दोपहर तक बांग्लादेश के मोंगला बंदरगाह पहुंचना था, लेकिन उससे पहले ही उसे रोक लिया गया। फिलहाल खेप के वास्तविक आयातक और माल के मालिक की पहचान नहीं हो पाई है। अधिकारी जहाज के पंजीकरण, नेविगेशन परमिट और खतरनाक सामान के परिवहन से जुड़े नियमों की जांच कर रहे हैं। चालक दल से पूछताछ के जरिए शिपमेंट, शिपिंग कंपनी और इसके पीछे शामिल लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here