Italy School Rule: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने स्कूलों को लेकर कई नए नियम लाने की योजना का ऐलान किया है। उनके मुताबिक सरकार जल्द ही कैबिनेट के सामने ऐसा प्रस्ताव रखेगी, जिसमें हर कक्षा में विदेशी छात्रों की अधिकतम संख्या तय करने के साथ स्कूलों में बुर्का और नकाब जैसे चेहरे को पूरी तरह ढकने वाले परिधानों पर रोक का प्रावधान होगा।
विदेशी छात्रों के माता-पिता के लिए भी नियम
मेलोनी ने कहा कि जिन विदेशी छात्रों को स्कूल व्यवस्था में घुलने-मिलने में गंभीर परेशानी हो रही है, उनके माता-पिता के लिए इटैलियन भाषा सीखने की अनिवार्यता का प्रावधान भी प्रस्ताव में शामिल किया जाएगा। हालांकि, सरकार की ओर से विदेशी छात्रों की संख्या की कोई निश्चित सीमा अभी घोषित नहीं की गई है।
मेलोनी का तर्क है कि अगर किसी कक्षा में भाषा नहीं समझने वाला केवल एक-दो छात्र है, तो शिक्षक और सहपाठी उसकी मदद कर सकते हैं। लेकिन ऐसे छात्रों की संख्या बहुत अधिक होने पर उनके एकीकरण की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि इतालवी बच्चों को अपनी ही कक्षा में अल्पसंख्यक जैसा महसूस नहीं होना चाहिए।
इटली में प्रवासन बड़ा मुद्दा
भूमध्य सागर के रास्ते बड़ी संख्या में प्रवासियों के पहुंचने के कारण इटली में इमिग्रेशन लंबे समय से प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक मुद्दा रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, देश के स्कूलों में करीब 11.6% छात्र ऐसे हैं जिनके पास इतालवी नागरिकता नहीं है।
फिलहाल ये बदलाव प्रस्ताव के स्तर पर हैं और इन्हें लागू करने के लिए आगे सरकारी और संसदीय प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

