Israel New Prime Minister: इजरायल में नेतन्याहू की कुर्सी पर संकट! गादी आइसेनकोट को प्रधानमंत्री बनाने की मांग तेज

0
4

Israel New Prime Minister: इजरायल की राजनीति में सत्ता परिवर्तन की चर्चाएं तेज हो गई हैं। कई राजनीतिक दलों के नेता मध्यमार्गी गठबंधन के प्रमुख गादी आइसेनकोट के समर्थन में सामने आए हैं। इन नेताओं ने राष्ट्रपति आइजक हरजोग से अपील की है कि सरकार बनाने का मौका आइसेनकोट को दिया जाए।

इस राजनीतिक हलचल के बीच रविवार रात आइसेनकोट के आवास के बाहर दक्षिणपंथी दलों के समर्थकों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी और तोड़फोड़ की खबरें सामने आईं। प्रदर्शनकारियों ने गाजा में अपने बेटे की मौत के लिए पूर्व सेना प्रमुख आइसेनकोट को जिम्मेदार ठहराया।

बेनेट और लिबरमैन ने किया समर्थन

पूर्व प्रधानमंत्री नाफ्ताली बेनेट ने कहा है कि वह राष्ट्रपति से आइसेनकोट को प्रधानमंत्री नियुक्त करने का आग्रह करेंगे। उनका कहना है कि मतदाताओं की इच्छा का सम्मान करते हुए जल्द फैसला लिया जाना चाहिए।

इजरायल बेतेनु पार्टी के नेता एविग्डोर लिबरमैन ने भी आइसेनकोट के नाम का समर्थन किया है। उन्होंने बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व में नई गठबंधन सरकार बनने की संभावना को खारिज करते हुए कहा कि चुनाव में बहुमत का रुझान नेतन्याहू को सत्ता से बाहर करने के पक्ष में है। लिबरमैन की पार्टी आइसेनकोट को प्रधानमंत्री और याइर लैपिड को संसद (नेसेट) का स्पीकर बनाने के पक्ष में है।

आइसेनकोट के घर के बाहर हंगामे की निंदा

डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता याइर गोलान ने आइसेनकोट के आवास के बाहर हुए प्रदर्शन की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि हंगामा करने वाले नेतन्याहू के समर्थक थे। गोलान ने राजनीतिक दलों से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने की अपील की।

गोलान पहले ही प्रधानमंत्री पद के लिए आइसेनकोट को अपना समर्थन दे चुके हैं। पूर्व प्रधानमंत्री नाफ्ताली बेनेट भी उनके पक्ष में खड़े हैं।

अब राष्ट्रपति हरजोग के फैसले पर नजर

अब सबकी निगाहें राष्ट्रपति आइजक हरजोग पर टिकी हैं। उनके सामने सरकार गठन को लेकर अहम फैसला लेने की चुनौती है। हालांकि उन्होंने सभी पक्षों से खुले मन से संसद पहुंचने की अपील की है, लेकिन मौजूदा राजनीतिक समीकरणों में नेतन्याहू के लिए समर्थन जुटाना मुश्किल नजर आ रहा है।

फिलहाल नेतन्याहू के दक्षिणपंथी गठबंधन से बाहर किसी अन्य दल के नेता ने उनके समर्थन में खुलकर बयान नहीं दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here