Bihar News:बिहार को बड़ी सौगात देने की तैयारी! गयाजी में बनेगा भव्य चिड़ियाघर, सम्राट चौधरी ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से की अहम मुलाकात

0
14

Bihar News: बिहार में औद्योगिक निवेश, पर्यटन और आधारभूत संरचना को नई गति देने के लिए राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की पहल की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की। इस बैठक में गयाजी में चिड़ियाघर निर्माण से लेकर जमुई और मुंगेर में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने तक के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने बिहार में मौजूद बंजर वन भूमि का नियमानुसार विकास कार्यों में इस्तेमाल करने पर जोर दिया। उनका कहना था कि पर्यावरण संरक्षण के नियमों का पालन करते हुए इन जमीनों का उपयोग औद्योगिक परियोजनाओं और रोजगार सृजन के लिए किया जा सकता है।

गयाजी में 45.9 हेक्टेयर में चिड़ियाघर बनाने का प्रस्ताव

बैठक का प्रमुख प्रस्ताव गयाजी में चिड़ियाघर के निर्माण से जुड़ा रहा। इसके लिए 45.9 हेक्टेयर वन भूमि के उपयोग और केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण से जरूरी मंजूरी लेने पर चर्चा हुई। इसके अलावा गयाजी के डोभी में अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक गलियारे के तहत इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। इसके लिए 1,600 एकड़ में से 1,308.72 एकड़ वन भूमि के उपयोग की स्वीकृति मांगी गई है।

जमुई और मुंगेर में उद्योगों की तैयारी

जमुई में सौर ऊर्जा और इस्पात उद्योग स्थापित करने की योजना पर भी बातचीत हुई। इसके लिए प्रस्तावित 9,000 एकड़ जमीन में से 4,340 एकड़ वन भूमि के अपयोजन की मंजूरी का मुद्दा उठाया गया।

वहीं, मुंगेर के तारापुर अनुमंडल स्थित संग्रामपुर में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए 114 एकड़ में से 84 एकड़ जंगल-झाड़ भूमि के उपयोग का प्रस्ताव रखा गया। सरकार को उम्मीद है कि इन योजनाओं से निवेश और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

टाइगर रिजर्व में एलिवेटेड कॉरिडोर, भीमबांध में ईको टूरिज्म

पश्चिम चंपारण के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में मदनपुर-पनियहवा मार्ग के 5.8 किलोमीटर हिस्से की मरम्मत और उसे एलिवेटेड कॉरिडोर के रूप में विकसित करने पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही मुंगेर के भीमबांध क्षेत्र में ईको टूरिज्म की संभावनाओं को विकसित करने के लिए जरूरी पर्यावरणीय और वैधानिक मंजूरियां प्राप्त करने का प्रस्ताव सामने रखा गया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाते समय पर्यावरण और वन्यजीवों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी योजनाओं में प्रतिपूरक वनीकरण और पर्यावरणीय मानकों का पालन जरूरी होगा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से प्रस्तावों की जांच और आवश्यक मंजूरी की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया।

राज्य सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के आगे बढ़ने से बिहार में उद्योग, पर्यटन, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिल सकती है। हालांकि, संबंधित वन भूमि के उपयोग के लिए जरूरी मंजूरियां मिलना अभी बाकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here