बीरेंद्र कुमार झा
तोशाखाना केस में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को 3 साल की सजा सुनाई गई है। उन पर ₹100000 का जुर्माना भी लगाया गया है। इस सजा के बाद इमरान खान अब 5 साल तक चुनाव भी नहीं लड़ सकते हैं।
इमरान खान को किया गया गिरफ्तार
कोर्ट के फैसले के बाद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के राजनीतिक कैरियर पर संकट आ गया है ।वह अगले 5 साल तक चुनाव लड़ने में सक्षम नहीं होंगे। खबर है कि इस्लामाबाद पुलिस ने भी इमरान के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी किया था। इमरान की किसी भी वक्त गिरफ्तारी होने की खबर थी। इस बीच पाकिस्तान के न्यूज़ चैनल ने खबर दी है कि इमरान खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। कुछ ऐसा ही दावा इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने भी किया है। बताया जा रहा है कि इमरान खान को लाहौर से गिरफ्तार किया गया है ।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई
पाकिस्तान के अदालत के द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले में 3 साल के कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। गौरतलब है कि पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ (PTI)पार्टी प्रमुख इमरान खान पर तोशाखाना से अपने पास रखे उपहारों का विवरण जानबूझकर छिपाने का आरोप लगा था। कोर्ट में आरोप साबित होने के बाद शनिवार को उनके विरुद्ध फैसला सुनाया गया।
इमरान खान पर ₹100000 का जुर्माना
इस्लामाबाद स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश हुमायूं दिलावर ने इमरान खान पर ₹100000 का जुर्माना भी लगाया है। साथ ही अदालत ने कहा की जुर्माना नहीं देने पर उन्हें 6 महीने अतिरिक्त जेल में रहना होगा। 70 साल के इमरान खान को तोसाखाना मामले में दोषी ठहराया गया है। यह मामला पिछले साल पाकिस्तान निर्वाचन आयोग की शिकायत पर दायर किया गया था,जिसने पहले उन्हें इस मामले में सार्वजनिक पद संभालने के लिए आयोग घोषित कर दिया था ।इस्लामाबाद उच्च न्यायालय द्वारा इमरान खान के खिलाफ अपराधी कार्यवाही के लिए तोशाखाना मामले की विचारणीयता को बरकरार रखने के सत्र अदालत के फैसले को रद्द करने के एक दिन बाद यह फैसला आया।
क्या है तोशाखाना मामला
पाकिस्तान में तोशाखाना मामले की बात करें तो इस नाम का एक सरकारी विभाग है। यहां अन्य सरकारों के प्रमुखों विदेशी हस्तियों द्वारा राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री,सांसदों, नौकरशाहों और अधिकारियों को दिए गए उपहारों को सहेज कर रखा जाता है।इमरान खान पर प्रधानमंत्री रहते हुए तोशाखाना में रखे गए तोहफों को कम दाम पर खरीदने और फिर उन्हें बेचकर लाभ कमाने का आरोप लगा था, जिसके बाद देश की राजनीति गर्म हो गई थी। इमरान खान को साल 2018 में देश के पीएम के तौर पर यूरोप और खासकर अरब देशों की यात्रा के दौरान बहुत से महंगे गिफ्ट प्राप्त हुए थे । इनमें से बहुत से गिफ्ट्स को इमरान खान ने डिक्लेअर ही नहीं किया, जबकि कई तोहफों को असली कीमत से बहुत कम कीमत पर खरीद लिया ।यही नहीं इमरान खान ने इन्हें बाहर जाकर बड़ी कीमत पर बेचने का भी काम किया।

