Flydubai FZ1073 Incident: फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई घटना को लेकर जांच तेज हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सऊदी अरब ने विमान में भारतीय कैप्टन पर कथित हमले के आरोपी ओमानी को-पायलट को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को सौंप दिया है। यह घटना उस समय हुई, जब फ्लाईदुबई की फ्लाइट दुबई से तेल अवीव जा रही थी। कॉकपिट में हुए हमले के बाद विमान को आपात स्थिति में सऊदी अरब के तबूक शहर में उतारना पड़ा।
कॉकपिट में हमले के बाद यात्रियों ने संभाला आरोपी को
जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान को-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला किया। घटना के बाद विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव आया और स्थिति गंभीर हो गई। इसके बाद यात्रियों और क्रू सदस्यों ने संदिग्ध को काबू में किया। अन्य पायलटों ने विमान का नियंत्रण संभाला और सुरक्षित लैंडिंग कराई। विमान में मौजूद सभी 174 यात्री इस घटना में सुरक्षित बच गए।
UAE में शुरू हुई जांच, आतंक एंगल की भी पड़ताल
संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारी इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह हमला किसी आपराधिक साजिश का हिस्सा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। अधिकारियों की ओर से अभी जांच को शुरुआती चरण में बताया जा रहा है और सभी संभावनाओं पर गौर किया जा रहा है।
ट्रंप के बयान के बाद बढ़ी चर्चा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस मामले को लेकर बयान दिया है। उन्होंने शुरुआती जानकारी का हवाला देते हुए कहा कि को-पायलट के ईरान से संभावित संबंधों की जांच की जा रही है। हालांकि, इस मामले में जांच अभी जारी है और किसी भी अंतिम निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इजराइल और UAE की एजेंसियां कर रहीं जांच
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी घटना को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा कि मामले में जांच जारी है और को-पायलट से पूछताछ की जा रही है। इजराइली अधिकारियों के मुताबिक, जांच में संभावित वैचारिक कारणों, किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका और घटना की पहले से योजना बनाए जाने जैसे पहलुओं को भी देखा जा रहा है।
घायल भारतीय कैप्टन से मिले भारत के राजदूत
घटना में घायल भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर से भारत के राजदूत ने अस्पताल में मुलाकात की। वहीं, सऊदी अधिकारियों की शुरुआती जांच में भी को-पायलट द्वारा अपने साथी पायलट पर हमला किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल मामले की जांच कई स्तरों पर चल रही है और अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।

