FIFA World Cup 2026: FIFA वर्ल्ड कप 2026 के इतिहास में पहली बार विजेता टीम को ट्रॉफी और गोल्ड मेडल के अलावा एक और खास सम्मान दिया जाएगा। फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था FIFA ने घोषणा की है कि टूर्नामेंट जीतने वाली टीम के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को विशेष रूप से डिज़ाइन की गई चैंपियनशिप रिंग भी प्रदान की जाएगी। यह परंपरा अमेरिकी खेल संस्कृति से प्रेरित है और FIFA प्रतियोगिताओं में पहली बार शामिल की जा रही है।
फाइनल मुकाबला 19 जुलाई (स्थानीय समय) को न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां स्पेन और अर्जेंटीना खिताब के लिए आमने-सामने होंगे। इसी मुकाबले के बाद विजेता टीम को यह नया सम्मान दिया जाएगा।
कुल 2,026 रिंग तैयार की जाएंगी
FIFA के अनुसार, टूर्नामेंट की यादगार के रूप में कुल 2,026 चैंपियनशिप रिंग बनाई जाएंगी। हर रिंग पर एक अलग यूनिक नंबर अंकित होगा।
इनमें से 30 रिंग विजेता टीम के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के लिए आरक्षित रहेंगी, जबकि बाकी 1,996 रिंग आधिकारिक लाइसेंस प्राप्त स्मारक (Official Licensed Merchandise) के रूप में दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों के लिए उपलब्ध कराई जाएंगी।
हर रिंग होगी यूनिक और कस्टमाइज्ड
रिंग के एक हिस्से पर प्रतिष्ठित FIFA वर्ल्ड कप ट्रॉफी का डिज़ाइन होगा, जबकि दूसरी तरफ विजेता टीम की पहचान के अनुरूप विशेष डिज़ाइन तैयार किया जाएगा।
प्रत्येक रिंग को संबंधित विजेता के अनुसार कस्टम फिट किया जाएगा। साथ ही उसके साथ Certificate of Authenticity भी दिया जाएगा, जिससे उसकी मौलिकता प्रमाणित होगी।

पहले मिलेगी अस्थायी रिंग, बाद में सौंपा जाएगा फाइनल संस्करण
फाइनल मैच खत्म होने के बाद जश्न के दौरान विजेता टीम के कप्तान और मुख्य कोच को प्रतीकात्मक रूप से अस्थायी (Temporary) चैंपियनशिप रिंग प्रदान की जाएगी।
इसके बाद खिलाड़ियों और स्टाफ के लिए अलग-अलग माप के अनुसार अंतिम रिंग तैयार की जाएगी और आधिकारिक समारोह में उन्हें सौंपी जाएगी, ताकि यह उनकी ऐतिहासिक जीत की स्थायी यादगार बन सके।
रोमांचक मुकाबलों के बाद फाइनल में पहुंचीं स्पेन और अर्जेंटीना
मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। मुकाबले में पहले हाफ में पिछड़ने के बावजूद टीम ने शानदार वापसी की। एंज़ो फर्नांडेज़ ने बराबरी का गोल किया, जबकि अतिरिक्त समय में लौटारो मार्टिनेज़ ने विजयी गोल दागकर अर्जेंटीना को लगातार एक और वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचा दिया। इस हार के साथ इंग्लैंड का 1966 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप फाइनल खेलने का सपना अधूरा रह गया।
स्पेन ने फ्रांस को हराकर बनाई फाइनल में जगह
दूसरे सेमीफाइनल में स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। 2010 के बाद यह पहला मौका है जब स्पेन फीफा वर्ल्ड कप के खिताबी मुकाबले में उतरा है।
स्पेन की जीत में युवा स्टार लामिन यामल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयास से मिली पेनल्टी को मिकेल ओयारज़ाबल ने गोल में बदलकर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई।
दूसरे हाफ में डैनी ओल्मो और पेड्रो पोरो के शानदार तालमेल से स्पेन ने दूसरा गोल किया और मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया। यामल का एक गोल ऑफसाइड के कारण रद्द हुआ, जबकि फ्रांस के स्टार खिलाड़ी किलियन एम्बाप्पे और ऑरेलियन चुआमेनी अंतिम क्षणों में भी स्पेन की मजबूत रक्षा पंक्ति को नहीं भेद सके।
टूर्नामेंट के सात मुकाबलों में स्पेन ने छह बार क्लीन शीट दर्ज करते हुए अपनी मजबूत डिफेंस का शानदार प्रदर्शन किया और दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में जगह सुनिश्चित की।
ऐतिहासिक फाइनल पर दुनिया की नजर
अब फुटबॉल प्रेमियों की निगाहें 19 जुलाई को होने वाले स्पेन और अर्जेंटीना के महामुकाबले पर टिकी हैं। इस बार विजेता टीम केवल विश्व कप ट्रॉफी ही नहीं, बल्कि FIFA इतिहास की पहली आधिकारिक चैंपियनशिप रिंग भी अपने नाम करेगी, जिससे यह टूर्नामेंट और भी यादगार बन जाएगा।

