Colombia Earthquake: 7.4 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही, 132 लोगों की मौत; 570 घायल

0
28

Colombia Earthquake: दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में आए शक्तिशाली भूकंप ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। सोमवार रात महसूस किए गए 7.4 तीव्रता के झटकों के बाद अब तक 132 लोगों की मौत की खबर है, जबकि करीब 570 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

भूकंप के कारण देश के कई हिस्सों में इमारतों और घरों को नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों के अनुसार, 86 इमारतें पूरी तरह ढह गईं, जबकि 1,500 से अधिक मकानों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा 18 स्वास्थ्य केंद्र और 52 स्कूल भी प्रभावित हुए हैं।

स्थिति को देखते हुए सात एयरपोर्ट पर संचालन रोक दिया गया है, जबकि पांच शहरों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। राष्ट्रपति ने आपातकालीन समिति की बैठक बुलाकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी शुरू कर दी है।

पेरिरा में सबसे ज्यादा मौतों की खबर

भूकंप से प्रभावित शहरों में पेरिरा सबसे ज्यादा प्रभावित बताया जा रहा है। यहां अकेले 60 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। करीब 5 लाख की आबादी वाला यह शहर भूकंप के केंद्र से 64 किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित बताया गया है।

भूकंप के तेज झटके राजधानी बोगोटा समेत कई अन्य शहरों में भी महसूस किए गए। घबराए लोग सुरक्षा के लिए घरों और ऊंची इमारतों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए।

चोको और रिसाराल्डा में भारी नुकसान

अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप सोमवार सुबह करीब 7:34 बजे आया। इसका केंद्र चोको क्षेत्र में सैन जोसे डेल पालमार के नजदीक बताया गया है।

भूकंप की गहराई करीब 107 किलोमीटर दर्ज की गई। झटकों के बाद चोको और रिसाराल्डा समेत कई क्षेत्रों में नुकसान की खबर सामने आई है।

राहत-बचाव के लिए भेजे जाएंगे 100 रेस्क्यूकर्मी

राजधानी बोगोटा प्रशासन ने प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाने की तैयारी तेज कर दी है। शहर में राहत सामग्री एकत्र करने के लिए छह कलेक्शन सेंटर बनाए गए हैं।

इन केंद्रों पर पानी, कंबल, पैक्ड फूड, हाइजीन से जुड़ी सामग्री और फर्स्ट-एड किट जमा की जा रही हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान को मजबूत करने के लिए बोगोटा से करीब 100 रेस्क्यूकर्मियों को भेजने की तैयारी की जा रही है।

कोलंबिया में बार-बार क्यों आते हैं भूकंप?

कोलंबिया भूकंपीय गतिविधियों वाले देशों में शामिल है। यहां हर साल बड़ी संख्या में छोटे-बड़े भूकंप दर्ज किए जाते हैं। इसकी प्रमुख वजह देश की भौगोलिक स्थिति और टेक्टोनिक प्लेटों की गतिविधियां बताई जाती हैं।

कोलंबिया के आसपास नाजका, कोकोस और दक्षिण अमेरिकी प्लेटों समेत कई टेक्टोनिक प्लेटों की गतिविधियां होती रहती हैं। इन प्लेटों के आपस में टकराने और एक प्लेट के दूसरी के नीचे जाने से धरती के भीतर लगातार दबाव बनता है।

इसी भूगर्भीय हलचल के कारण इस क्षेत्र में समय-समय पर भूकंप और ज्वालामुखीय गतिविधियां देखने को मिलती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here