Weather Today 14 October 2026: मानसून की विदाई के साथ सुबह और रात में हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 14 अक्टूबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। समुद्र में खराब मौसम के दौरान मछुआरों को दूर रहने की हिदायत दी गई है।
17 राज्यों में बारिश की आशंका
मौसम विभाग के अलर्ट में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु समेत कई राज्यों का जिक्र है। अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। यहां हवा की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में इन जिलों पर नजर
गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, देवरिया, आजमगढ़, जौनपुर, मुजफ्फरनगर, प्रयागराज, बहराइच, मथुरा, आगरा और कानपुर में बारिश व तेज हवाओं का अलर्ट दिया गया है। हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बिहार में आंधी-तूफान की चेतावनी
बिहार के नालंदा, गया, मुजफ्फरपुर, सहरसा, कटिहार, दरभंगा, रोहतास, समस्तीपुर, पूर्णिया, किशनगंज, औरंगाबाद, सारण और सुपौल में बारिश के साथ आंधी-तूफान की आशंका है। हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। पटना में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी अलर्ट
मध्य प्रदेश के पन्ना, झाबुआ, मुरैना, अलीराजपुर, सीधी, इंदौर, श्योपुर, सतना और देवास में तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी है। हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। भोपाल में तापमान 21 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
राजस्थान के झुंझुनू, बारां, श्रीगंगानगर, अलवर, टोंक, बीकानेर, उदयपुर और हनुमानगढ़ में भी बारिश व तूफान की आशंका जताई गई है। जयपुर में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
पहाड़ी राज्यों में सतर्कता जरूरी
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, चंबा, सिरमौर, सोलन, मंडी, ऊना, बिलासपुर और कुल्लू में भारी बारिश की चेतावनी है। मनाली में तापमान 1 से 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
उत्तराखंड के ऋषिकेश, बागेश्वर, नैनीताल, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग और ऊधम सिंह नगर में भी तूफानी बारिश का अलर्ट है। कुछ इलाकों में हवाएं 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं। देहरादून में अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

