बिहार में दर्दनाक हादसा: भोज खाने जा रहे लोगों की नाव पलटी, 13 की मौत; कई बच्चे शामिल

0
5

Bihar Boat Accident: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र स्थित रामपुर श्यामचंद पंचायत में मंगलवार रात नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जिनमें अधिकतर बच्चे बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मची है।

जानकारी के मुताबिक, भगतान टोला में सिंघेश्वर राय के यहां श्राद्ध भोज का आयोजन था। इसमें शामिल होने के लिए करीब 20 से 25 लोग छोटी नाव पर सवार होकर ढाब के दूसरी ओर जा रहे थे। बीच पानी में नाव पलट गई और कई लोग डूब गए।

घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। पानी से निकाले गए लोगों को राघोपुर फतेहपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया। तीन बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें PMCH रेफर किया गया, जबकि एक की स्थिति ठीक बताई गई। जिलाधिकारी वर्षा सिंह के मुताबिक, हादसे के बाद पुलिस और SDRF की टीम को खोज एवं राहत कार्य में लगाया गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की मदद ली गई।

मुख्यमंत्री ने घोषित की आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को राहत-बचाव कार्य तेज करने और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

तेजस्वी यादव और कांग्रेस ने जताया दुख

राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में हुए हादसे पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दुख जताया और राहत, बचाव तथा उपचार कार्यों में तेजी लाने की अपील की। बिहार कांग्रेस ने भी बच्चों की मौत को बेहद पीड़ादायक बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

हादसे के बाद रामपुर श्यामचंद पंचायत और आसपास के गांवों में मातम पसरा है। प्रशासन की ओर से राहत और खोज अभियान चलाया जा रहा है।

हादसे में जान गंवाने वालों के नाम

1. मीरा कुमारी — पिता रामनरेश राय
2. निशु कुमारी — पिता सत्येंद्र राय
3. अनिषा कुमारी — पिता सुरेंद्र राय
4. सुनीता कुमारी — पिता राज किशोर राय
5. आर्यन कुमार — पिता गांधी राय
6. मोहन कुमार — पिता अखिलेश राय
7. अमृता कुमारी — पिता राज किशोर राय
8. अंकिता कुमारी — पिता राज किशोर राय
9. पिंकी कुमारी — पिता डोमन राय
10. नमन कुमार — पिता मुकेश राय
11. सिकी कुमारी — पिता सुरेश राय
12. भोनू कुमारी — पिता रामप्रवेश राय
13. सोनम कुमारी — पिता नरेश राय

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here