Cyclone Arnab: आंध्र प्रदेश में चक्रवात से भारी तबाही, 5 की मौत; 15 हजार बिजली के खंभे उखड़े

0
9

Cyclone Arnab: बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात ‘अर्णब’ ने आंध्र प्रदेश में बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है। बुधवार तड़के 125 से 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ तूफान तट से गुजरा। इसके प्रभाव से कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, सड़कें क्षतिग्रस्त हुईं और भारी बारिश के कारण निचले क्षेत्र जलमग्न हो गए। तूफान से जुड़ी घटनाओं में पांच लोगों की मौत की सूचना है।

10 से ज्यादा जिलों में असर, फसलों को भारी नुकसान

अधिकारियों के मुताबिक, एलुरु, पश्चिम गोदावरी और विजयनगरम समेत 10 से अधिक जिलों के सैकड़ों गांव प्रभावित हुए। कुछ क्षेत्रों में 200 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बताया कि 14 जिलों में धान सहित अन्य खड़ी फसलों के 2.24 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है। राज्य में करीब 15 हजार बिजली के खंभे भी उखड़ गए।

नारियल और दूसरी बागवानी फसलों पर भी तूफान की मार पड़ी है। डॉ. बीआर आंबेडकर कोनसीमा और पश्चिम गोदावरी जिलों में लगभग 50 हजार पेड़ गिर गए, जिनमें अकेले कोनसीमा के करीब 33 हजार नारियल के पेड़ शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने केंद्र से मांगी सहायता

मुख्यमंत्री नायडू ने तूफान से हुए नुकसान पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार से मदद मांगी है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को हालात की जानकारी दी और कहा कि नुकसान का शुरुआती आकलन भेजने के बाद विस्तृत रिपोर्ट भी सौंपी जाएगी।

राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों के लिए खाद्य सामग्री और आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, कोनसीमा और पश्चिम गोदावरी के कुछ हिस्सों को छोड़कर अन्य जिलों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। खराब मौसम के चलते बंगाल की खाड़ी में अंतर्वेदी तट के पास एक मालवाहक जहाज के फंसने की सूचना भी सामने आई है।

13 जिलों में फ्लैश फ्लड का अलर्ट

चक्रवात का असर खत्म होने के बाद भी बारिश का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश के 13 जिलों में अचानक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड की आशंका जताई है।

पूर्वानुमान के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को ओडिशा तथा छत्तीसगढ़ में तेज बारिश हो सकती है। तेलंगाना और विदर्भ में भी भारी वर्षा की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है, जबकि बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here