विकास कुमार
आईपीएल 2023 में अपने प्रदर्शन से यशस्वी जायसवाल ने करोड़ों लोगों का दिल जीत लिया है। जायसवाल ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ एक सौ चौबीस रन की आतिशी पारी खेल कर सबको चौंका दिया है। वैसे यशस्वी जायसवाल के संघर्ष की कहानी भी करोड़ों लोगों को प्रेरित करने वाली है। देखा जाए तो यशस्वी सही माएने में गुदड़ी के लाल हैं। मुंबई के आजाद मैदान के बाहर गोलगप्पे बेचने से लेकर आईपीएल में शतकवीर बनने तक का यशस्वी का सफर रोमांच भरा रहा है। यशस्वी उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के रहने वाले हैं। उनका बचपन बेहद गरीबी में गुजरा है। ग्यारह साल की उम्र में यशस्वी क्रिकेटर बनने के लिए मुंबई पहुंचे थे।
मुंबई में अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए यशस्वी को कड़ी मेहनत करनी पड़ी। उनके लिए यहां कुछ भी आसान नहीं था। मुंबई जैसे बड़े शहर में यशस्वी को अपना नाम बनाना था। थोड़ा पैसा कमाने के लिए आजाद मैदान में राम लीला के दौरान यशस्वी गोलगप्पे और फल बेचते थे। उन्हें कई बार खाली पेट भी सोना पड़ता था। यशस्वी ने डेयरी में भी काम किया। लेकिन वहां एक दिन उन्हें नौकरी से निकाल दिया गयां इस दौरान क्लब ने यशस्वी को अच्छा खेलने की शर्त पर मदद की पेशकश की थी। जब यशस्वी ने शर्त को मंजूर कर लिया तो उन्हें टेंट में रहने की जगह दी गई। टेंट में यशस्वी रोटी बनाने का काम करते थे। वहां उन्हें दोपहर और रात का खाना मिल जाता था। साथ ही क्रिकेट के गेम को सीखने का मौका भी मिल रहा था।
यशस्वी ने अपने संघर्ष के दिनों में गेंद खोजने का भी काम किया। दरअसल आजाद मैदान में अक्सर गेंद खो जाती थी। उसे खोजने पर यशस्वी जायसवाल को पैसे मिलते थे। एक दिन यशस्वी के ऊपर कोच ज्वाला सिंह की नजर पड़ी। यशस्वी की तरह ज्वाला भी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। उन्होंने इस बाएं हाथ के बल्लेबाज की प्रतिभा को निखारा। यशस्वी हमेशा ज्वाला सिंह की तारीफ करते हैं। यशस्वी ने कहा था कि, ”मैं उनका गोद लिया हुआ बेटा हूं। मुझे इस मुकाम तक पहुंचाने में उनका अहम योगदान है’
2023 में आईपीएल में यशस्वी जायसवाल शानदार लय में नजर आ रहे हैं। उन्होंने नौ पारियों में चार सौ अट्ठाइस रन ठोंक डाले हैं। अपनी धाकड़ बल्लेबाजी की वजह से यशस्वी ने ऑरेंज कैप पर दावा ठोंक दिया है। 2023 के सीजन के लिए राजस्थान रॉयल्स ने चार करोड़ रुपए में यशस्वी को रिटेन किया है। और अपने शानदार बल्लेबाजी से वे राजस्थान रॉयल्स की टीम इलेवन में बड़ा मुकाम हासिल कर चुके हैं। उन्हें देश का भविष्य माना जा रहा है। और अगर वे इसी लय में खेलते रहे तो आने वाले समय में उन्हें टीम इंडिया में भी खेलने का मौका मिल सकता है। यशस्वी की जिंदगी से हमें ये सीख मिलती है कि कड़ी मेहनत से सब कुछ हासिल किया जा सकता है।