IND vs PAK Final: रोमांच की सारी हदें हुई पार, मनल-मोहित की जोड़ी ने पाकिस्तान के जबड़े से छीनी जीत, भारत बना चैंपियन

0
3

India vs Pakistan U19 Final: अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। आखिरी गेंद तक चले इस रोमांचक मैच में टीम इंडिया ने एक विकेट से जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 337 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने 50 ओवर की आखिरी गेंद पर 9 विकेट खोकर 339 रन बना लिए। मोहित उल्वा ने अंतिम गेंद पर चौका लगाकर भारत की जीत पक्की की।

उस्मान खान के शतक से पाकिस्तान ने बनाए 337 रन

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम को उस्मान खान और हयम खान ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 67 रन जुड़े। उस्मान ने 107 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि अब्दुल कादिर ने 80 और कप्तान फरहान युसूफ ने 63 रन बनाए।

पाकिस्तान की टीम एक समय बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी, लेकिन अंतिम ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की। काव्य पटेल ने चार विकेट झटके, जबकि वेंकट को तीन और अर्जुन राजपूत को एक सफलता मिली। इस तरह पाकिस्तान की पारी 337 रन पर समाप्त हुई।

लक्ष्य रायचंदानी ने संभाली भारतीय पारी

338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को आर्यवीर सहवाग और लक्ष्य रायचंदानी ने मजबूत शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े। आर्यवीर ने 58 रन बनाए, जबकि कप्तान लक्ष्य रायचंदानी 100 गेंदों पर 80 रन बनाकर आउट हुए।

हालांकि, इन दोनों के बाद भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और एक समय टीम मुश्किल में नजर आने लगी। आठ विकेट गिरने के बाद भारत को जीत के लिए आखिरी जोड़ी से बड़ी उम्मीदें थीं।

मनल चौहान और मोहित ने पलटा मैच

252 रन पर आठवां विकेट गिरने के बाद मनल चौहान और मोहित उल्वा ने मोर्चा संभाला। दोनों ने तेजी से रन जुटाते हुए नौवें विकेट के लिए केवल 35 गेंदों में 57 रन जोड़ दिए। मनल 47 रन बनाकर 48वें ओवर में आउट हो गए, लेकिन मोहित ने हार नहीं मानी।

इसके बाद मोहित ने आखिरी विकेट के लिए चिगुरुपति वेंकट के साथ 16 गेंदों में 30 रन जोड़े। मोहित ने 26 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 49 रन बनाए। आखिरी गेंद पर उनके बल्ले से निकला चौका भारत के लिए जीत का निर्णायक पल साबित हुआ। इस तरह टीम इंडिया ने एक विकेट से मुकाबला जीतकर फाइनल को यादगार बना दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here