Namo Bharat Fast Train: दिल्ली-मेरठ रूट पर नमो भारत से रोजाना यात्रा करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। यात्रियों का समय बचाने के उद्देश्य से एनसीआरटीसी 16 नवंबर 2026 से इस कॉरिडोर पर विशेष फास्ट ट्रेन सेवाएं शुरू करने जा रहा है। ये ट्रेनें खासतौर पर सुबह और शाम के व्यस्त समय में चलाई जाएंगी।
इन सेवाओं की खास बात यह है कि ट्रेनें बीच के सभी स्टेशनों पर नहीं रुकेंगी। एनसीआरटीसी के मुताबिक, फास्ट सेवा से आनंद विहार से गाजियाबाद का सफर करीब 8 मिनट और आनंद विहार से बेगमपुल की दूरी लगभग 36 मिनट में तय की जा सकेगी। वहीं, गाजियाबाद से बेगमपुल पहुंचने में करीब 28 मिनट लगेंगे। पूरे कॉरिडोर की यात्रा 50 मिनट से कम समय में पूरी करने का लक्ष्य है।
सुबह और शाम कब चलेंगी फास्ट ट्रेनें?
एनसीआरटीसी की योजना के अनुसार, सुबह के पीक आवर्स में दोनों दिशाओं में दो-दो फास्ट ट्रेनें चलाई जाएंगी। सराय काले खां और मोदीपुरम से ये सेवाएं सुबह 8 बजे और 8:30 बजे रवाना होंगी।
शाम को भी दोनों ओर से दो-दो ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी। इनके प्रस्थान का समय शाम 6 बजे और 6:30 बजे निर्धारित किया गया है। ये सेवाएं पहले से चल रही नियमित ट्रेनों के अतिरिक्त होंगी। सामान्य नमो भारत ट्रेनें पहले की तरह हर 10 मिनट पर चलती रहेंगी।
सिर्फ इन पांच स्टेशनों पर होगा ठहराव
नई फास्ट सेवा के तहत ट्रेनें दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर के पांच प्रमुख स्टेशनों पर ही रुकेंगी। इनमें सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, बेगमपुल और मोदीपुरम शामिल हैं। सीमित ठहराव के कारण यात्रियों को कम समय में अपनी मंजिल तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
यात्रा से पहले जरूर जांचें ट्रेन
फास्ट ट्रेनों के संचालन से मौजूदा नियमित सेवाओं के शेड्यूल पर असर नहीं पड़ेगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि ट्रेन में चढ़ने से पहले स्टेशन पर लगे डिस्प्ले बोर्ड पर जानकारी जरूर देख लें। साथ ही प्लेटफॉर्म पर होने वाली घोषणाओं को सुनें, ताकि वे फास्ट और नियमित सेवा के बीच अंतर समझ सकें और सही ट्रेन में सवार हों।

