न्यूज डेस्क
भारत और वेस्टइंडीज के बीच त्रिनिनाद के ब्रायन लारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया तीन मैचों की वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला भारत ने 200 रनों के विशाल अंतर से जीतकर सीरीज पर भी 2-1 से कब्जा कर लिया।

इस मुकाबले में वेस्टइंडीज के कप्तान शे होप ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया । भारतीय टीम के लिए ईशान किशन और शुभमन गिल ने इस मैच में पारी का आगाज किया। दोनों ने मिलकर भारत को शानदार की शुरुआत दिलाई। पहले विकेट के लिए ईशान और गिल ने मिलकर कुल 143 रन जोड़े। फिर 77 के स्कोर पर किशन आउट हो गए। गिल 85 रन पर आउट हुए।

ईशान किशन और शुभमन गिल के बाद विकेटकीपर संजू सैमसन, कप्तान हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव ने विस्फोटक बल्लेबाजी की। संजू ने 41 गेंद में 2 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। हार्दिक ने भी 70 रन की तेज पारी खेली, जिसमें उनके बल्ले से 5 छक्के और 4 चौके देखने को मिले। सूर्यकुमार ने भी 2 चौके और 2 छक्के लगाकर 35 रन बनाए। टीम इंडिया ने 50 ओवर में 5 विकेट पर 351 रन बनाए और वेस्टइंडीज के सामने 352 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। वेस्टइंडीज की तरफ से 2 विकेट रोमारियो शेफर्ड ने लिए। अल्जारी जोसेफ, गुडाकेश मोती और यानिक को भी 1-1 सफलता मिली।

352 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत बहुत खराब रही। उसकी आधी टीम 40 रन के स्कोर पर ही पवेलियन लौट चुकी थी। भारत के लिए मुकेश कुमार से लेकर जयदेव उनादकट सबने काफी प्रभवित किया। वेस्टइंडीज टीम इंडिया के सामने पूरे 50 ओवर भी नहीं टिक पाई और 35.3 ओवर में 151 रन के स्कोर पर ही ऑल आउट हो गई। इसके चलते भारत 200 रन से मैच जीत गया और 2-1 से सीरीज भी अपने नाम कर ली।

भारत ने विंडीज के खिलाफ ये लगातार 13वीं वनडे सीरीज जीती है। रनों के लिहाज से भारत की विंडीज के खिलाफ यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उसने कैरेबियाई टीम को मुंबई में 2018 में 224 रन से हराया था। इस मुकाबले में वेस्टइंडीज के लिए सर्वाधिक 32 रन एलिक अथांजे ने बनाए। भारत के लिए शार्दुल ठाकुर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। मुकेश कुमार को भी 3 सफलता मिली। कुलदीप यादव ने 2 तो उनादकट ने भी 1 विकेट झटका।

