IND vs NZ 2nd Test: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मुकाबले के दूसरे दिन भारतीय टीम को शुरुआत में ही बड़ा झटका लगा। क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में न्यूजीलैंड की पहली पारी 356 रनों पर समाप्त हुई। मेजबान टीम ने 116.3 ओवर तक बल्लेबाजी की। जवाब में मैदान पर उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।
आकाश दीप ने पूरा किया पांच विकेट का आंकड़ा
दूसरे दिन सुबह न्यूजीलैंड ने टॉम ब्लंडेल और ग्लेन फिलिप्स के साथ अपनी पारी आगे बढ़ाई। दोनों के बीच 62 रनों की साझेदारी हुई थी। भारत को दिन की पहली सफलता अंशुल कंबोज ने दिलाई। उन्होंने ग्लेन फिलिप्स को आउट कराया और ऋषभ पंत ने शानदार कैच पकड़ा। इसके बाद आकाश दीप ने नाथन स्मिथ और काइल जैमीसन को पवेलियन भेजकर कीवी टीम पर दबाव बढ़ाया।
टॉम ब्लंडेल ने एक छोर संभालते हुए 211 गेंदों पर 89 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके शामिल रहे, लेकिन वह शतक से महज 11 रन दूर रह गए। गुरुनूर बराड़ ने उन्हें आकाश दीप के हाथों कैच कराया। आखिरी विकेट मैट हेनरी का गिरा, जिन्हें आकाश दीप ने ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। हेनरी ने 19 रन बनाए, जबकि जैकब डफी 2 रन बनाकर नाबाद रहे। इस विकेट के साथ आकाश दीप ने पांच विकेट लेने का कारनामा पूरा किया।
पहले ओवर में ही भारत को झटका
357 रनों के जवाब में भारतीय पारी शुरू हुई तो मैट हेनरी ने पहले ही ओवर की आखिरी गेंद पर यशस्वी जायसवाल को बोल्ड कर दिया। वह खाता भी नहीं खोल सके। अब केएल राहुल का साथ देने के लिए देवदत्त पडिक्कल क्रीज पर आए हैं। भारतीय टीम के सामने न्यूजीलैंड के स्कोर का जवाब देने की चुनौती है।

