India vs Sri Lanka Women Final: निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट फाइनल में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 147 रन से मात दी। इस धमाकेदार जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में अपना पहला गोल्ड मेडल हासिल कर लिया। श्रीलंका को सिल्वर, जबकि पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और महज 15.4 ओवर में 69 रन पर ऑलआउट हो गई। 147 रन की यह जीत टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारतीय महिला टीम की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत भी बनी।
मंधाना ने बल्ले से मचाया तूफान
टॉस जीतकर भारत ने बल्लेबाजी का फैसला किया और शुरुआत से ही श्रीलंका पर दबाव बना दिया। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 99 रन जोड़कर मजबूत नींव रखी।
मंधाना ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 45 गेंदों की पारी में 5 चौके और 7 छक्के जड़ते हुए 79 रन बनाए। शेफाली वर्मा भी शानदार लय में नजर आईं, लेकिन अर्धशतक से दो रन दूर रह गईं और 48 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 19 रन का योगदान दिया। इसके बाद ऋचा घोष ने मोर्चा संभालते हुए तेजी से रन बटोरे। उन्होंने महज 22 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए। ऋचा ने भारती के साथ मिलकर 53 रन की साझेदारी की और भारत का स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया।
नतीजा यह रहा कि भारतीय टीम ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 216 रन बनाए। यह महिला एशियन गेम्स क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर भी रहा।
69 रन पर ढेर हुई श्रीलंका की टीम
217 रन के लक्ष्य के जवाब में श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों से ही दबाव बनाए रखा और श्रीलंकाई बल्लेबाज लगातार विकेट गंवाते चले गए।
इमेशा दुलानी 10 गेंदों में केवल 3 रन बना सकीं, जबकि हसिनी परेरा बिना खाता खोले आउट हो गईं। कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने 21 गेंदों में 29 रन बनाकर टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाए। कविशा दिलहारी ने 11 रन का योगदान दिया, लेकिन बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी के सामने ज्यादा देर नहीं टिक सके।
भारत की ओर से दीप्ति शर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहीं और उन्होंने 3 विकेट चटकाए। श्री चरनी और श्रेयंका पाटिल को दो-दो सफलताएं मिलीं। भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के चलते श्रीलंका की पूरी टीम 15.4 ओवर में 69 रन पर सिमट गई।
इस तरह भारतीय महिला टीम ने फाइनल में 147 रन की बड़ी जीत दर्ज करते हुए Asian Games 2026 का गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।

