न्यूज डेस्क
एशिया कप 2023 की मेजबानी को लेकर बीते कई महीनों से चला आ रहा विवाद समाप्त गया है। एसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के हाईब्रिड मॉडल को मंजूर कर लिया है। एसीसी (Asian Cricket Council) की आगामी बैठक पर इस पर मुहर लग जाएगी। इस विवाद के सुलझने से पाकिस्तान टीम के भारत आकर वर्ल्ड कप खेलने का रास्ता भी साफ हो गया है।जानकारी के मुताबिक 13 जून को काउंसिल की ओर से टूर्नामेंट के हाइब्रिड मॉडल पर आधिकारिक ऐलान हो जाएगा, जिसमें पाकिस्तान के साथ श्रीलंका में एशिया कप कराने के आयोजन को औपचारिक रूप से हरी झंडी मिल जाएगी। टूर्नामेंट का आयोजन सितंबर में होने की संभावना है।
पाकिस्तान के हाइब्रिड मॉडल के अनुसार भारत के मैच तटस्थ देश श्रीलंका में खेले जाएंगे। अब टूर्नामेंट के 13 में से चार या पांच मैच पाकिस्तान में होंगे, वहीं भारत-पाकिस्तान सहित भारत के सभी मैच श्रीलंका में होंगे। अगर भारत फाइनल में पहुंचता है तो फाइनल भी श्रीलंका में होगा। ईएसपीएनक्रिकइंफो के मुताबिक इसकी आधिकारिक घोषणा अगले सप्ताह के शुरूआत में हो सकती है। एशिया कप के लिए 1 से 17 सितंबर की विंडो निर्धारित है। पाकिस्तान में होने वाले सभी मैच लाहौर में खेले जा सकते हैं।
इससे पहले हाइब्रिड मॉडल को एक समाधान के तौर पर प्रस्तुत किया गया था, जिसमें भारत और पाकिस्तान दोनों एक-दूसरे के देश में जाकर खेलने से मना कर चुके थे। गौरतलब है कि भारत में इस साल विश्व कप भी होना है, जिसमें पाकिस्तान के भी मैच हैं। इसके अलावा 2025 में पाकिस्तान में चैंपियंस ट्रॉफी भी होनी है। अब लग रहा है कि हाइब्रिड मॉडल से इन सभी टूर्नामेंट्स की समस्याओं का समाधान हो जाएगा।
उल्लेखनीय है कि छह देशों के एशिया कप के लिए भारत को पाकिस्तान और नेपाल के साथ एक ग्रुप में रखा गया है। विश्व कप से ठीक पहले यह 50 ओवर फॉर्मेट में खेला जाएगा। श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान दूसरे ग्रुप में हैं।13 दिनों के इस टूर्नामेंट में फाइनल सहित कुल 13 मैच होंगे। 2022 की तरह दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सुपर चार में पहुंचेंगी। सुपर चार की शीर्ष दो टीमों के बीच फाइनल मुकाबला होगा। ऐसे में अगर भारत और पाकिस्तान दोनों टीमें फाइनल में पहुंचती हैं तो उनके बीच कम से कम तीन मुकाबले संभावित हैं।

