प्रचंड वेग से आगे बढ़ रहा है चक्रवाती तूफान बिपरजोय , भारी बारिश की चेतावनी

0
130

बीरेंद्र कुमार झा

चक्रवाती तूफान बिपरजोय प्रचंड वेग से आगे बढ़ता जा रहा है। कच्छ जिला और पाकिस्तान के कराची तट के बीच इसके 15 जून तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।इसके मद्देनजर गुजरात सरकार राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF)एवं राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) के दलों को तटीय इलाकों में तैनात कर रही है तथा 6 जिलों में आश्रय केंद्र स्थापित कर रही है। तूफान तटीय क्षेत्र में किस स्थान पर जमीन से टकराएगा उसके बारे में आने वाले दिनों में स्थिति स्पष्ट होगी।

13- 15 जून तक भारी बारिश की चेतावनी

एक अधिकारी में बताया कि 13 से 15 जून के बीच भारी बारिश होने और 150 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार तक हवा बढ़ने से कच्छ, जामनगर, मोरबी ,गिर सोमनाथ, पोरबंदर और देवभूमि द्वारका जिलों के चक्रवात से प्रभावित होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को कहा कि सौराष्ट्र, कच्छ और कराची तट से 15 जून को दोपहर 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा से लेकर 150 घंटा तक की गति वाली हवा के साथ चक्रवात के गुजरने की अत्यधिक संभावना है।

चक्रवात को लेकर गुजरात में आपात बैठक

राहत आयुक्त आलोक पांडे ने बताया कि गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने 30 जिलों के जिलाधिकारी सेना ,नौसेना और भारतीय तटरक्षक के प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की है। पांडे ने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे 30 जिलों में चक्रवात के प्रभाव को कम करने के लिए पहले से ही तैयारी करें और समन्वय स्थापित करें ।उन्होंने कहा कि इसके प्रभाव से निपटने के लिए गुजरात सरकार तट क्षेत्रों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कई टीमें तैनात कर रही है ,साथ ही सरकार तटरेखा से 5 से 10 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों के लिए 6 जिलों में आश्रय स्थल स्थापित करेगी।

14 जून को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग ने अपने बुलेटिन में कहा है कि 14 जून को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने और प्रभावित जिलों में 15 जून को छिटपुट स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि पूर्वी मध्य अरब सागर के ऊपर सक्रिय बिपरजॉय रविवार शाम 4:30 बजे 8 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तर पूर्व की ओर बढ़ गया।

मछुआरों को मौसम विभाग ने दी चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग ने प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में मछली पकड़ने संबंधी गतिविधियों को पूरी तरह से रोकने की सलाह दी है। विभाग ने मछुआरों को 12 से 15 जून के बीच मध्य अरब सागर और उत्तरी अरब सागर से तथा 15 जून तक सौराष्ट्र और कच्छ के तटों के पास ना जाने का निर्देश दिया है।भारतीय मौसम विभाग ने समुद्र में उतरे लोगों को तट पर लौटने और अपतटीय एवं तटवर्ती गतिविधियों को नियंत्रित करने की सलाह दी है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here