ICC T20 Rankings: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का इनाम आईसीसी की ताजा टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में हासिल किया है। शुरुआती तीन टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहने के बाद युवा बल्लेबाज ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में जोरदार वापसी की। उन्होंने दो शानदार अर्धशतक जड़कर न सिर्फ अपनी प्रतिभा साबित की, बल्कि प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज जैसे बड़े सम्मान भी अपने नाम किए।
अब उनके इस प्रदर्शन का असर आईसीसी की नई रैंकिंग में भी साफ दिखाई दिया है। इंग्लैंड सीरीज के बाद जहां वैभव 278वें स्थान पर थे, वहीं जिम्बाब्वे दौरे के बाद उन्होंने लंबी छलांग लगाते हुए सीधे 48वें स्थान पर जगह बना ली।
दो अर्धशतकों ने बदली किस्मत, रैंकिंग में लगी जबरदस्त छलांग
जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी ने तीन मैचों में दो बेहतरीन अर्धशतकीय पारियां खेलीं। उन्होंने पूरे सीरीज में 151 रन बनाए और उनका औसत 50.33 रहा। इसी शानदार प्रदर्शन की बदौलत उन्हें आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में 536 रेटिंग अंक मिले और वह पहली बार टॉप-50 बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए।
ईशान किशन नंबर-1 पर कायम, अभिषेक शर्मा को हुआ नुकसान
भारतीय खिलाड़ियों की रैंकिंग पर नजर डालें तो विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने जिम्बाब्वे सीरीज में 145 रन बनाकर अपनी बादशाहत बरकरार रखी है। वह 910 रेटिंग अंकों के साथ टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में पहले स्थान पर बने हुए हैं।
वहीं भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा को इस बार रैंकिंग में नुकसान उठाना पड़ा है। पहले शीर्ष स्थानों पर काबिज रहने वाले अभिषेक अब 819 रेटिंग अंकों के साथ तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं।
तिलक वर्मा ने भी सुधारी अपनी स्थिति
टीम इंडिया के उपकप्तान तिलक वर्मा ने भी जिम्बाब्वे सीरीज में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी रैंकिंग मजबूत की है। इंग्लैंड के खिलाफ उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले तिलक ने इस सीरीज की तीन पारियों में 77 रन बनाए, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल रहा।
इस प्रदर्शन के बाद वह 750 रेटिंग अंकों के साथ आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक और जोस बटलर को भी पीछे छोड़ दिया।
भारतीय क्रिकेट को मिला नया सुपरस्टार
महज 15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इतनी तेज़ी से पहचान बनाना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी और लगातार बेहतर होता प्रदर्शन यह संकेत दे रहा है कि भारतीय क्रिकेट को भविष्य के लिए एक और मजबूत बल्लेबाज मिल चुका है।

