Azam Khan ED Arrest Case: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां ने जेल से रिहाई के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। गुरुवार शाम मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि 31 अक्टूबर को जेल से बाहर आते ही ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था और इस कार्रवाई को लेकर अदालत में गलत जानकारी दी गई।
आजम खां का दावा है कि ईडी की टीम बिना वारंट के गिरफ्तारी करने पहुंची थी। उन्होंने कहा कि एजेंसी ने अदालत में अंगूठे के निशान को लेकर भी गलत तथ्य पेश किए। उनके मुताबिक, जिस अंगूठे के निशान का जिक्र किया जा रहा है, वह रामपुर जेल का नहीं, बल्कि दिल्ली में रिमांड के दौरान हुई पूछताछ से जुड़ा है। आजम खां ने कहा कि ईडी के कथित झूठे शपथपत्र को चुनौती देने के लिए वह अदालत में रिट दाखिल करेंगे।
‘जेल में 98 से 70 किलो रह गया वजन’
जेल में बिताए समय का जिक्र करते हुए आजम खां ने कहा कि उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा और उनका वजन 98 किलो से घटकर 70 किलो रह गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके परिवार को बेवजह परेशान किया जा रहा है।
सरकार के सामने अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि यदि कुछ लोगों को उनसे इतनी ही नफरत है, तो उन्हें पूरे परिवार के साथ इच्छा मृत्यु की अनुमति दी जाए या फिर देश छोड़ने की इजाजत मिलनी चाहिए।
2027 के चुनाव को लेकर भी दिए संकेत
इससे पहले आवास से प्रेसवार्ता के लिए निकलते समय आजम खां ने परिवार के किसी सदस्य के 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना के संकेत दिए। डूंगरपुर प्रकरण और दो पैन कार्ड समेत जिन मामलों में उन्हें सजा हुई है, उनमें फैसलों को रद्द कराने या अंतरिम राहत पाने के लिए अदालत जाने की बात भी सामने आई। इसके जरिए उन्होंने चुनाव लड़ने की संभावनाएं तलाशने के संकेत दिए हैं। फिलहाल आजम खां ने ईडी की कार्रवाई के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ने का ऐलान किया है।

