Sawan Mehndi Designs: सावन का पवित्र महीना सुहागिन महिलाओं और शिव भक्तों के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दौरान महिलाएं भगवान शिव की आराधना करती हैं, सोमवार का व्रत रखती हैं, हरी चूड़ियां पहनती हैं और पारंपरिक सोलह श्रृंगार के जरिए इस पर्व को उत्साह के साथ मनाती हैं। मेहंदी भी इस श्रृंगार का अहम हिस्सा मानी जाती है। यदि आप इस सावन अपने हाथों पर कुछ अलग और आकर्षक मेहंदी डिज़ाइन बनवाना चाहती हैं, तो यहां दिए गए कुछ बेहतरीन आइडियाज आपकी पसंद बन सकते हैं।
शिव-पार्वती थीम वाली मेहंदी

सावन भगवान शिव को समर्पित महीना है, इसलिए शिव और माता पार्वती की झलक वाले मेहंदी डिज़ाइन इस अवसर के लिए सबसे खास माने जाते हैं। खासकर नई-नवेली दुल्हनों के लिए यह डिज़ाइन बेहद आकर्षक और पारंपरिक लुक देता है। चूंकि यह डिजाइन थोड़ा बारीक और कलात्मक होता है, इसलिए इसे किसी अनुभवी मेहंदी आर्टिस्ट से बनवाना बेहतर रहेगा।
शिवलिंग मेहंदी डिज़ाइन

अगर आप सिंपल लेकिन आध्यात्मिक थीम वाला डिज़ाइन चाहती हैं, तो शिवलिंग से प्रेरित मेहंदी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। शिवलिंग के साथ त्रिशूल, घंटी, बेलपत्र, ओम या “शिवाय” जैसे प्रतीकों को शामिल करके डिज़ाइन को और भी आकर्षक बनाया जा सकता है। यह डिज़ाइन सादगी के साथ श्रद्धा का सुंदर संदेश भी देता है।
केदारनाथ मंदिर और डमरू डिज़ाइन

भगवान शिव के भक्तों के बीच केदारनाथ धाम की विशेष आस्था है। ऐसे में मेहंदी में केदारनाथ मंदिर की आकृति और दूसरे हाथ पर डमरू या त्रिशूल का डिज़ाइन बनवाना एक अनोखा और धार्मिक विकल्प हो सकता है। यह डिज़ाइन आपकी भक्ति के साथ-साथ आपके पारंपरिक अंदाज को भी खूबसूरती से उभारता है।
सावन झूला थीम मेहंदी

सावन और झूले का रिश्ता सदियों पुराना है। यदि आप धार्मिक प्रतीकों से अलग कुछ क्रिएटिव चाहती हैं, तो झूले, बारिश की बूंदों, पेड़-पौधों और हरियाली से प्रेरित मेहंदी डिज़ाइन चुन सकती हैं। यह डिज़ाइन सावन के मौसम की ताजगी और उत्साह को खूबसूरती से दर्शाता है और हाथों को बेहद आकर्षक लुक देता है।
मेहंदी लगवाते समय रखें इन बातों का ध्यान

- मेहंदी लगाने से पहले हाथों को अच्छी तरह साफ और सूखा रखें।
- अच्छी गुणवत्ता वाली प्राकृतिक मेहंदी का ही इस्तेमाल करें।
- मेहंदी सूखने के बाद तुरंत पानी से न धोएं।
- रंग गहरा करने के लिए नींबू और चीनी का मिश्रण हल्के हाथों से लगा सकती हैं।
- मेहंदी को कम से कम 6 से 8 घंटे तक हाथों पर लगा रहने दें।


