चेहरे पर बार-बार निकल रहे हैं पिंपल? गर्मियों में की जाने वाली ये 5 गलतियां बढ़ा सकती हैं समस्या

0
9

Face Acne Tips: अक्सर लोग चेहरे पर निकलने वाले दानों और पिंपल्स की वजह सिर्फ ऑयली स्किन या पसीने को मानते हैं। लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार इसके पीछे कई ऐसे कारण भी हो सकते हैं, जिन्हें लोग नजरअंदाज कर देते हैं। खराब लाइफस्टाइल, गलत स्किन केयर रूटीन, हार्मोनल बदलाव, तनाव और नींद की कमी जैसी चीजें भी एक्ने की समस्या को बढ़ा सकती हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार जब त्वचा की मृत कोशिकाएं (Dead Skin Cells) सही तरीके से नहीं हटतीं, तो वे त्वचा के प्राकृतिक तेल यानी सीबम के साथ मिलकर रोमछिद्रों को बंद कर देती हैं। इससे चेहरे पर पिंपल्स और एक्ने की समस्या शुरू हो सकती है।

1. बार-बार चेहरा धोना पड़ सकता है भारी

गर्मियों में पसीना ज्यादा आने के कारण कई लोग दिन में कई बार फेसवॉश करते हैं। लेकिन जरूरत से ज्यादा चेहरा धोने से त्वचा का प्राकृतिक तेल खत्म हो जाता है। इसके बाद स्किन और ज्यादा तेल बनाने लगती है, जिससे पिंपल्स बढ़ सकते हैं।

विशेषज्ञों की सलाह है कि दिन में दो बार से ज्यादा चेहरा न धोएं। जरूरत पड़ने पर ऑयल ब्लॉटिंग पेपर का इस्तेमाल किया जा सकता है।

2. गलत फेसवॉश या साबुन बढ़ा सकता है एक्ने

बाजार में मिलने वाले कई साबुन और फेसवॉश का पीएच स्तर त्वचा के अनुकूल नहीं होता। त्वचा का सामान्य पीएच लगभग 5.5 माना जाता है, जबकि कुछ उत्पादों का पीएच काफी अधिक होता है। ऐसे उत्पाद त्वचा के प्राकृतिक संतुलन को बिगाड़ सकते हैं और एक्ने की समस्या को बढ़ा सकते हैं।

3. गर्म पानी से चेहरा धोना भी नुकसानदायक

धूप और गर्मी के मौसम में कई बार लोग टंकी के गर्म पानी से ही चेहरा धो लेते हैं। यह आदत त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती है। गर्म पानी त्वचा को अधिक शुष्क बना सकता है और पहले से मौजूद पिंपल्स में सूजन भी बढ़ा सकता है।

विशेषज्ञ गुनगुने या सामान्य ठंडे पानी से चेहरा साफ करने की सलाह देते हैं।

4. चेहरे को जोर-जोर से रगड़ना

कुछ लोग त्वचा को साफ करने के लिए चेहरा ज्यादा रगड़ते हैं या हार्श स्क्रब का इस्तेमाल करते हैं। इससे त्वचा में जलन और सूजन बढ़ सकती है। साथ ही बैक्टीरिया चेहरे के दूसरे हिस्सों तक फैल सकते हैं, जिससे नए दाने निकलने लगते हैं।

5. मॉइस्चराइजर छोड़ना सबसे बड़ी भूल

गर्मियों में कई लोग सोचते हैं कि मॉइस्चराइजर की जरूरत नहीं होती, लेकिन यह धारणा गलत है। फेसवॉश के बाद मॉइस्चराइजर लगाने से त्वचा की सुरक्षा परत मजबूत रहती है और नमी बनी रहती है। इससे त्वचा का संतुलन बेहतर बना रहता है और एक्ने की समस्या कम हो सकती है।

स्वस्थ त्वचा के लिए क्या करें?

विशेषज्ञों का कहना है कि सिर्फ बाहरी देखभाल ही नहीं, बल्कि संतुलित खानपान, पर्याप्त नींद, तनाव नियंत्रण और सही स्किन केयर रूटीन भी जरूरी है। यदि लंबे समय तक पिंपल्स की समस्या बनी रहे तो त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर विकल्प हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here