HomeखेलYear Ender 2023: एक नजर देश-दुनिया की ऐसी घटनाओं पर जो साल...

Year Ender 2023: एक नजर देश-दुनिया की ऐसी घटनाओं पर जो साल 2023 में रही सर्वाधिक चर्चित

Published on

न्यूज डेस्क
अच्छी-बुरी यादों के साथ वर्ष 2023 जल्द ही हमसे विदा होने जा रहा है। जल्द ही नया साल 2024 नई आशा और उम्मीदों के साथ शुरू होने जा रहा है। लेकिन अगर इस बीते हुए साल पर एक नजर डालें तो हमें जीवन में सालभर में हुई उन घटनाओं की याद आएगी, जिन्होंने हमारे जीवन पर कुछ प्रभाव डाला। ये साल किसी के लिए ऊर्जा और उम्मीदों से भरा रहा, किसी को नौकरी मिली, तो किसी की शादी हो गई, कई ने अपने सपनों की मंजिल पायी होगी तो किसी को मंजिल न मिलने का मलाल तो किसी ने अपने करीबी को खोया होगा। वर्ष 2023 के पन्नों को पलटकर देखें तो देश दुनिया में भी कुछ अच्छी और कुछ बुरी घटनाएं घटित हुईं, जो इतिहास बनकर रह जाएंगी। दुनिया में कहीं युद्ध हुआ तो कुछ देश हुए प्राकृतिक आपादा के शिकार हुए। भारत में कई बड़ी घटनाएं हुईं। आइए जानते हैं खेल, मनोरंजन और देश दुनिया से जुड़ी कुछ बड़ी घटनाएं जो सर्वाधिक चर्चित रहीं।

चंंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला पहला देश बना भारत

वर्ष 2023 अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारत के लिए ऐतिहासिक वर्ष साबित हुआ। भारत अब चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला देश बन चुका है। चंद्रयान के विक्रम लैंडर के चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग बाद इसरो ने आदित्य एल-1 की भी सफल लॉन्चिंग पूरी की। इस वर्ष इसरो ने पहली बार शक्तिशाल रॉकेट एलवीएम की सफल लॉन्चिंग की। इस साल एक नहीं दो बार एलवीएम के जरिए उपग्रह का सफल प्रक्षेपण किया गया। LVM3 M3 ने नासा ने OneWeb के 36 सैटेलाइट लॉन्च किए। जबकि LVM3 M4 से Chandrayaan-3 की लॉन्चिंग की गई।

सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन

12 नवंबर को जब पूरा देश दिवाली मना रहा था, तब उत्तरकाशी के सिलक्यारा में निर्माणाधीन टनल में 41 मजदूर अंदर फंस गए। मजदूर जब अपनी शिफ्ट पूरी कर बाहर आ रहे थे, तभी पहाड़ी से भूस्खलन हो गया। इस घटना ने देश ही नहीं विदेश के लिए कई मिसाल पेश की। जिस तरह कई तरह के उतार चढ़ाव आए और आखिर में मिशन सिलक्यारा सफल हुआ, उससे इतिहास के पन्नों में ये रेस्क्यू आपरेशन दर्ज हो गया। इन 41 मजदूरों को 17 दिनों की कड़ी मेहनत के बाद सकुशल बाहर निकाला गया।

भारतीय क्रिकेट टीम के लिए शानदार रहा 2023, लेकिन आईसीसी ट्रॉफी जीतने का सपना रहा अधूरा

भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 2023 एक शानदार साल रहा। टीम इंडिया ने इस साल टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया। उसने द्विपक्षीय सीरीज से लेकर आईसीसी टूर्नामेंट तक में बेहतर खेल दिखाया। हालांकि, भारत का आईसीसी ट्रॉफी जीतने का सपना इस साल भी पूरा नहीं हुआ। 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद से टीम इंडिया एक भी आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीत पाई है। भारत ने इस साल वर्ल्डकप में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी। इसके अलावा आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भारतीय टीम ने जगह बनाई थी। हालांकि दोनों बड़े मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम इस समय टेस्ट, वनडे और टी20 रैंकिंग में पहले स्थान पर है। यह पहला मौका है जब भारतीय टीम तीनों फॉर्मेट में पहले स्थान पर कायम है।

कई धमाकेदार फिल्मों और वेब सीरीज ने बटौरी वाहवाही

सिनेमा के लिहाज से 2023 काफी अहम रहा है। इस साल कई धमाकेदार फिल्मों ने दस्तक दी, कई बड़ी फिल्में और वेब सीरीज रिलीज हुई,जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। इस साल जहां बॉक्स ऑफिस पर पठान, जवान, टाइगर 3 जैसी बेहतरीन फिल्मों ने दस्तक दी तो वहीं रोमांस से लेकर थ्रिल, एजुकेशन, साहस और वीरता का परिचय देती इन फिल्मों और वेब सीरीज को दर्शकों ने काफी सराहा है। इस साल द रेलवे मैन, ताली,आखिरी सच, स्कूप और स्कैम 2023 जैसे वेब सीरीज ने खूब वाहवाही कमायी।

मणिपुर हिंसा में महिला को निर्वस्त्र कर पूरे इलाके में घुमाने की घटना ने मानवता को किया शर्मसार


मणिपुर हिंसा के बारे में तो हम सभी लोग जानते हैं। मैतेई और कुकी समुदायों के बीच की झड़प इस कदर बढ़ी कि महिलाओं के सम्मान पर बात आ गई। महिलाओं को निर्वस्त्र कर पूरे इलाके में घुमाया गया और उनके करीबियों को भी मार दिया गया। घटना कुछ महीने पुरानी है लेकिन जुलाई के महीने में इन महिलाओं का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ, जिसने देश का सिर शर्म से झुका दिया। इन महिलाओं के परिजनों को भी जान से मार दिया गया। इसके बाद राज्य में जमकर बवाल हुआ था। हालांकि 2 महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने के मामले में बाद में सीबीआई ने 16 अक्टूबर को नाबालिक समेत 6 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की, 6 लोगों पर गैंगरेप और हत्या का भी आरोप लगाया गया।

मध्यप्रदेश का सीधी पेशाब कांड

मध्य प्रदेश का सीधी पेशाब कांड भी 2023 में काफी सुर्खियों में रहा था। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में गांव का एक दबंग युवक आदिवासी समुदाय के शख्स के ऊपर पेशाब करते हुए दिखाई देता है। इस वीडियो के जांच पड़ताल में पाया गया कि पेशाब कांड की घटना मध्य प्रदेश के सीधी जिले के करौंदी गांव की है।वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद प्रदेश की विपक्षी पार्टी ने शिवराज सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया था। शिवराज सिंह ने भी इस घटना की निंदा की थी। इसके बाद सीएम शिवराज चौहान ने 6 जुलाई को पीड़ित आदिवासी दशमत रावत को सीएम आवास पर बुलाया। इस दौरान शिवराज चौहान ने पीड़ित आदिवासी दशमत रावत के पैर धुले। साथ ही माथे पर तिलक लगाकर शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया और खाना खिलाया। शिवराज ने पीड़ित दशमत से उनके घर के हालचाल लिए और उनकी परेशानी भी पूछी।

आतंकी हमले की बरसी के दिन लोकसभा में हुआ हमला

13 दिसंबर 2023 को भारतीय संसद पर एक बार फिर से हमले की कोशिश की गयी। दरअसल लोकसभा में शून्यकाल की कार्यवाही के दौरान अचानक सदन में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अचानक दर्शक दीर्घा से 2 युवक सदन में कूद पड़े और इनमें से एक युवक ने कुर्सियों पर कूदते हुए आगे की तरफ बढ़ना शुरू कर दिया। उस समय सदन में मौजूद सांसदों ने दोनों को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने जूते से कुछ निकालने का प्रयास किया।
आरोपियों ने सदन के अंदर कुछ स्प्रे भी किया जिस कारण पूरे सदन में पीला सा धुंआ भी नजर आया। सांसदों ने दोनों को पकड़ कर सुरक्षाकर्मियों के हवाले किया। सदन की कार्यवाही का संचालन कर रहे पीठासीन सभापति राजेन्द्र अग्रवाल ने लोकसभा की कार्यवाही को तुरंत रोककर सदन को दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। लोकसभा की सुरक्षा में चूक की यह बड़ी घटना उसी दिन हुई है जब देश लोकतंत्र के सर्वोच्च मंदिर संसद भवन पर 13 दिसंबर, 2001 को हुए आतंकी हमले की 22 वीं बरसी पर इस भयावह हमले के दौरान शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों को याद कर रहा था।

तुर्की भूकंप 2023

6 फरवरी, 2023 को दक्षिण और मध्य तुर्की और उत्तर और पश्चिम सीरिया में 7.8 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया। इस विनाशाकारी भूकंप में 60 हजार से अधिक लोगों की मौत हुई। इस साल 2023 में, तुर्की में दो बड़े भूकंप आए, जिससे तुर्की के 10 शहर और 14 मिलियन से अधिक लोग प्रभावित हुए। भारत ने इस भूकंप के पीड़ितों के लिए 24 घंटे के भीतर ही आर्थिक सहायता पहुंचाने का काम किया था।

इजराइल हमास युद्ध

7 अक्टूबर, 2023 को फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह हमास द्वारा ऑपरेशन अल अक्सा फ्लड के हिस्से के रूप में यहूदी राज्य पर एक आश्चर्यजनक हमला शुरू करने के बाद इजराइल-हमास युद्ध छिड़ गया। इस हमले में लगभग 1,200 इजरायली मारे गए और 200 से अधिक को बंधकों के रूप में गाजा ले जाया गया। इस हमले का जवाब गाजा में इजरायल की पूरी नाकेबंदी और पूर्ण घेराबंदी के साथ दिया गया। हमास के हमले के तुरंत बाद इजरायली सेना गाजा में चली गई और तब से लगातार बमबारी और हवाई हमले कर रही है। 7 अक्टूबर से अब तक इजराइल की बमबारी में 18,000 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं। 67 दिनों तक चले इस युद्ध के बीच में 24 नवंबर, 2023 से 1 दिसंबर, 2023 तक युद्धविराम भी हुआ। इस सप्ताह भर के युद्धविराम के दौरान, 110 बंधकों को मुक्त कर दिया गया और लगभग 300 फिलिस्तीनियों को इजरायली जेलों से मुक्त कराया गया।

चीन में निमोनिया के मामलों ने बढ़ाई चिंता

साल 2023 के आखिरी के महीनों में चीन में बच्चों में तेजी से बढ़े निमोनिया के मामलों ने विशेषज्ञों के लिए चिंता बढ़ा दी। नवंबर के महीने में चीन के कई शहरों में रहस्यमयी श्वसन संबंधी बीमारी का जोखिम बढ़ता हुआ देखा गया। अस्पतालों के आपातकालीन विभाग में निमोनिया और श्वसन संक्रमण की शिकायत के साथ मरीजों की संख्या में बढ़ी। इस रोग का सबसे ज्यादा खतरा बच्चों में देखा गया। बढ़ते खतरे को देखते हुए डब्ल्यूएचओ ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संक्रामक रोग की रोकथाम के लिए प्रयास करते रहने की सलाह दी।

धीरज साहू केस कांड: पैसे इतने कि गिनते गिनते थक गयीं 27 मशीने

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के नौ ठिकानों पर छापेमारी के बाद बरामद नोटों की एक हफ्ते से अधिक समय तक गिनती की गयी। नोट इतने ज्यादा थे कि नोट गिनने की 27 मशीनें भी खराब हो गयी और कई बोरियों में भरा गया। अब तक करीब 354 करोड़ रुपये बरामद किए जा चुके हैं। तलाशी अभियान अभी भी जारी है। आयकर विभाग ने धीरज साहू के ठिकानों में जमीन के नीचे की चीजों को खंगालने वाली राडार मशीन लगायी है। आयकर विभाग को अंदेशा है कि धीरज साहू ने जमीन के नीचे भी पैसे छिपा रखे हैं। झारखंड की राजधानी रांची में धीरज साहू के घर को मशीन की मदद से कोने-कोने को खंगाला गया जिसके ऊपर स्क्रीन पर चीजें नजर आ रही थीं। इसलिए अब घर के अंदर खुदाई होने की भी संभावना है। धीरज साहू के ठिकानों से नोटों के बंडल के अलावा करोड़ों की ज्वैलरी भी बरामद की गयी। बरामद ज्वैलरी की कीमत क्या है फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो पायी है। धीरज साहू के पास इतना केस कंहा से आया आयकर विभाग फिलहाल जांच कर रहा है।

 

Latest articles

एमएलसी पद से हटाए गए लालू के करीबी सुनील सिंह

आरजेडी के एमएलसी डॉ सुनील कुमार सिंह की सदस्यता बिहार विधान परिषद से समाप्त...

Google Maps Update: गूगल मैप में आए ये 6 धांसू फीचर्स, अब नहीं आएगी सफर

न्यूज डेस्क अब गूगल मैप्स फॉर व्हीकर चालकों को संकरी सड़क या कहीं भी पतली...

कोरियोग्राफर फराह खान की मां का निधन, 2 हफ्ते पहले मनाया था 79वां बर्थडे, लिखा था भावुक पोस्ट

न्यूज डेस्क फेमस बॉलीवुड कोरियोग्राफर और फिल्म निर्देशक फराह खान और उनके निर्देशक भाई साजिद...

आतंक के आका सुन लें, वे हमेशा हारेंगे’, पीएम मोदी ने कारगिल में कहा

पीएम मोदी द्रास पहुंच चुके हैं। यहां उन्होंने वॉर मेमोरियल में कारगिल युद्ध में...

More like this

एमएलसी पद से हटाए गए लालू के करीबी सुनील सिंह

आरजेडी के एमएलसी डॉ सुनील कुमार सिंह की सदस्यता बिहार विधान परिषद से समाप्त...

Google Maps Update: गूगल मैप में आए ये 6 धांसू फीचर्स, अब नहीं आएगी सफर

न्यूज डेस्क अब गूगल मैप्स फॉर व्हीकर चालकों को संकरी सड़क या कहीं भी पतली...

कोरियोग्राफर फराह खान की मां का निधन, 2 हफ्ते पहले मनाया था 79वां बर्थडे, लिखा था भावुक पोस्ट

न्यूज डेस्क फेमस बॉलीवुड कोरियोग्राफर और फिल्म निर्देशक फराह खान और उनके निर्देशक भाई साजिद...