बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण के खिलाफ पहलवानों ने खोला मोर्चा ,करेंगे राजघाट पर प्रेस कॉन्फ्रेंस 

0
184


न्यूज़ डेस्क 
बीजेपी सांसद और कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष  बृजभूषण शरण सिंह की मुश्किलें अब फिर बढ़ने जा रही है। देश के नामी पहलवान विनेश फोगट ,साक्षी मलिक और बजरंग पुनिया आज राजघाट पर सिंह के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहे हैं। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस आज 12.30 बजे होना है।            
  पहलवान विनेश फोगाट ने ट्विट कर कहा, “हम 12.30 बजे दिल्ली के राजघाट में प्रेस कांफ्रेंस करने वाले हैं।” पहलवान बजरंग पुनिया और साक्षी मलिक ने भी ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है। बता दें कि पहलवान ऐसे समय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहें हैं, जब कुश्ती महासंघ का चुनाव होने वाला है। इस बीच बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दाखिल चार्जशीट पर सुनवाई चल रही है और एशियाई खेलों के लिए कुछ पहलवानों को मिली छूट का मुद्दा गरमाया हुआ है। पिछले महीने विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया को एशियन गेम्स में प्रवेश के लिए एड हॉक कमेटी की ओर से छूट दी गई थी, जिसका कई पहलवानों ने कड़ा विरोध जताया था।           
    बता दें कि दिल्ली की राउज एवेन्‍यू कोर्ट ने बुधवार को महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में बीजेपी सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ आरोप तय करने के मामले पर सुनवाई की। यौन शोषण मामले में बृजभूषण सिंह के खिलाफ आरोप तय करने के मामले पर बुधवार को सुनवाई पूरी हो गई। इस दौरान केस में एक नया मोड़ आ गया, जब सुनवाई के दौरान बीजेपी सांसद के वकील ने कई नई दलीलें रखीं।
        बृजभूषण शरण सिंह की ओर से पेश होते हुए वकील राजीव मोहन ने राउज एवेन्यू कोर्ट के अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट (एसीएमएम) हरजीत सिंह जसपाल के समक्ष दलील दी कि आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 188 के तहत, कथित अपराध देश के बाहर किए गए हैं, इसलिए इस न्यायालय द्वारा मुकदमा नहीं चलाया जा सकता। मजिस्ट्रेट सिर्फ संज्ञान ले सकते हैं लेकिन ट्रायल नहीं शुरू कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here