Bapu Tower Patna: राजधानी पटना के गर्दनीबाग स्थित बापू टावर में विश्व संग्रहालय दिवस के अवसर पर “भविष्य के संग्रहालय” विषय पर विशेष व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने भविष्य के संग्रहालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मल्टीमीडिया और वर्चुअल तकनीक की बढ़ती भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।
AI और Virtual Museum होंगे भविष्य की पहचान

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. अजफर अहमद, निदेशक, प्लैनेट पटना ने कहा कि आने वाले समय में संग्रहालय पूरी तरह शोध आधारित और डिजिटल तकनीक से लैस होंगे। उन्होंने बताया कि भविष्य में वर्चुअल म्यूजियम का दौर आएगा, जहां लोग बिना कहीं जाए सिर्फ एक क्लिक पर इतिहास और संस्कृति से जुड़ी चीजों को देख सकेंगे।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया के कई आधुनिक संग्रहालयों में AI तकनीक का इस्तेमाल शुरू हो चुका है और आने वाले समय में इसका दायरा और बढ़ेगा। साथ ही भविष्य के संग्रहालयों में पर्यावरण और प्रकृति संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देना होगा।
बापू टावर आधुनिक संग्रहालय का उदाहरण

कार्यक्रम की शुरुआत में बापू टावर के निदेशक विनय कुमार ने संग्रहालयों के विकास क्रम पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बापू टावर एक अत्याधुनिक बायोपिक संग्रहालय है, जहां डिजिटल माध्यम से प्रदर्शनों को प्रस्तुत किया गया है।
उन्होंने कहा कि समय के साथ संग्रहालयों का स्वरूप बदलता रहा है और अब केवल वस्तुओं को प्रदर्शित करने की जगह उनकी कहानी और प्रस्तुति पर अधिक जोर दिया जा रहा है। संग्रहालय समाज को उसके अतीत से जोड़ने का काम करते हैं।
मल्टीमीडिया का दौर, लेकिन पारंपरिक संग्रहालयों की महत्ता बरकरार
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने कहा कि आने वाला समय मल्टीमीडिया और डिजिटल तकनीक का है, लेकिन पारंपरिक संग्रहालयों की महत्ता कभी कम नहीं होगी। उन्होंने विश्व संग्रहालय दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बापू टावर आधुनिक संग्रहालयों का शानदार उदाहरण है।

क्षेत्रीय संग्रहालयों के विकास पर जोर
प्रसिद्ध संग्रहालयविद् डॉ. शिव कुमार मिश्र ने कहा कि संग्रहालय भविष्य की पीढ़ियों के लिए होते हैं। उन्होंने बिहार के क्षेत्रीय संग्रहालयों को बेहतर तरीके से विकसित करने और उनके उचित रखरखाव पर विशेष जोर दिया।
बड़ी संख्या में पहुंचे छात्र और शिक्षाविद
कार्यक्रम में बी.डी. कॉलेज, ए.एन. कॉलेज, अरविंद महिला कॉलेज और मगध महिला कॉलेज के छात्र-छात्राओं सहित शहर के कई शिक्षाविद और प्राध्यापक शामिल हुए। कार्यक्रम का समापन बापू टावर के उप निदेशक ललित कुमार सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

