क्या MMDR कानून से झारखंड में बंद हो जाएगी मंईयां सम्मान योजना,

0
4

झारखंड की खनिज संपदा अब राज्य के लिए चिंता का बड़ा कारण बनती दिख रही है। केंद्र सरकार के माइंस एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) यानी MMDR संशोधन अधिनियम 2026 को लेकर राज्य सरकार ने कड़ा विरोध जताया है। सरकार का दावा है कि इस कानून के लागू होने से झारखंड को हर साल करीब 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हो सकता है।यह सिर्फ सरकारी खजाने की कमाई घटने का मामला नहीं है, बल्कि इससे राज्य की कई महत्वाकांक्षी कल्याणकारी योजनाओं के वित्तीय प्रबंधन पर भी असर पड़ने की आशंका है। इनमें सबसे अधिक चर्चा मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को लेकर हो रही है, जिसके तहत राज्य की लाखों महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये दिये जा रहे हैं। सवाल उठ रहा है कि अगर राज्य की आमदनी में इतनी बड़ी कमी आती है, तो क्या महिलाओं को मिलने वाली सम्मान राशि जारी रख पाना सरकार के लिए मुश्किल होगा? मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा के विशेष सत्र में इस मुद्दे को उठाते हुए केंद्र सरकार से संशोधन कानून वापस लेने की मांग की है।

दरअसल, MMDR संशोधन अधिनियम 2026 के प्रावधानों को लेकर झारखंड सरकार की आपत्ति है कि इससे राज्यों के खनिज अधिकारों और खनिज युक्त भूमि पर कर, उपकर और सेस लगाने की शक्तियां सीमित हो जायेंगी। इसके अलावा पहले के बकाये या वसूली नहीं हुई राशि से जुड़े दावों पर भी असर पड़ सकता है। राज्य सरकार का आकलन है कि इन प्रावधानों के कारण झारखंड को प्रतिवर्ष करीब 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ सकता है।

विधानसभा के विशेष सत्र में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने MMDR संशोधन कानून का विरोध करते हुए कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध है, लेकिन खनन का सबसे अधिक दुष्प्रभाव यहां के स्थानीय लोगों को झेलना पड़ता है।खनन प्रभावित इलाकों में रहने वाले आदिवासी, दलित और वंचित समुदायों को विस्थापन, जमीन से बेदखली, पर्यावरणीय नुकसान और सामाजिक बदलाव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खनिज संपदा का लाभ स्थानीय लोगों और राज्य के विकास में मिलना चाहिए। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस एक्ट 2024 लागू किया था।इसके माध्यम से करीब 13 हजार करोड़ रुपये का राजस्व जुटाने की व्यवस्था की गयी थी।सरकार इस राशि का इस्तेमाल खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए करना चाहती थी, लेकिन केंद्र के नये संशोधन से राज्य के इस राजस्व स्रोत पर असर पड़ने की आशंका है।

मंईयां सम्मान योजना झारखंड सरकार की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं में शामिल है।इसके तहत करीब 50 लाख महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।शुरुआत में इस योजना के तहत महिलाओं को 1000 रुपये मिलते थे, बाद में सरकार ने इसे बढ़ाकर 2500 रुपये कर दिया।इस योजना के संचालन के लिए हर महीने करीब 1250 करोड़ रुपये और सालाना लगभग 15 हजार करोड़ रुपये की जरूरत का अनुमान है।ऐसे में यदि राज्य सरकार को हर साल करीब 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान होता है, तो योजना के लिए वित्तीय संसाधन जुटाना बड़ी चुनौती बन सकता है।हालांकि, अभी सरकार ने मंईयां सम्मान योजना को बंद करने या इसकी राशि घटाने का कोई फैसला घोषित नहीं किया है। फिलहाल चिंता संभावित राजस्व नुकसान के कारण भविष्य में वित्तीय दबाव बढ़ने को लेकर है।

राज्य सरकार का कहना है कि खनिज राजस्व में कमी का प्रभाव केवल मंईयां सम्मान योजना तक सीमित नहीं रहेगा।पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने भी इस मुद्दे पर चिंता जतायी है। उनका कहना है कि राजस्व नुकसान का सीधा असर आम लोगों और विकास योजनाओं पर पड़ सकता है।उन्होंने मंईयां सम्मान योजना के साथ मुफ्त बिजली, बिजली बिल माफी और सर्वजन पेंशन योजना का भी उल्लेख किया।इन योजनाओं के संचालन के लिए नियमित वित्तीय संसाधनों की जरूरत होती है। इसके अलावा अबुआ आवास जैसी योजनाओं के बजट प्रबंधन पर भी दबाव बढ़ सकता है। हालांकि, इन योजनाओं पर वास्तविक असर कितना होगा, यह राज्य की आय, उपलब्ध बजट और सरकार के वित्तीय प्रबंधन पर निर्भर करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here