विदेश यात्रा के दौरान इंटरनेट न मिलने पर होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए WhatsApp ने एक नया फीचर पेश किया है। इस फीचर के जरिए यूजर्स व्हाट्सऐप ऐप से बाहर आए बिना ही कुछ सेकंड में ट्रैवल eSIM डेटा प्लान खरीद सकते हैं। इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि यह सुविधा आपके पुराने फोन नंबर पर ही चलती है, इसलिए आप बिना किसी दिक्कत के पहले की तरह WhatsApp चलाते रह सकते हैं। आसान भाषा में कहें तो अब विदेश यात्रा के दौरान डेटा पैक पाने के लिए किसी थर्ड पार्टी ऐप पर जाने की जरूरत नहीं है। आप सीधा व्हाट्सऐप से ही प्लान चुनकर रिचार्ज और ई-सिम इंस्टॉल कर सकते हैं। हालांकि, ऐसा सिर्फ तब ही हो पाएगा, जब आपके फोन में eSim होगी।
WhatsApp के नए फीचर की मदद से यूजर्स किसी स्टोर पर जाए हिना या लंबी प्रोसेस में पड़े बिना सीधे ऐप के अंदर से ही डेटा eSIM खरीद और एक्टिवेट कर सकेंगे। यह सुविधा शुरुआत में भारत समेत कुछ चुनिंदा देशों में आएगी और भारत में इसके लिए WhatsApp ने Reliance Jio के साथ साझेदारी की है।
कंपनी के ब्लॉग पोस्ट के अनुसार, दुनिया भर में लोग यात्रा करते समय व्हाट्सऐप का इस्तेमाल करते हैं। यात्रा पर निकलने से पहले अपना बोर्डिंग पास पाना हो, पहुंचने पर पिक-अप का इंतजाम करना हो या परिवार को यह बताना हो कि आप सुरक्षित पहुंच गए हैं। सबके लिए लोग व्हाट्सऐप पर ही निर्भर रहते हैं।
यात्रा के दौरान लोगों का एक-दूसरे से संपर्क में रहने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए व्हाट्सऐप आज एक नया तरीका पेश कर रहे हैं। अब आप विदेश यात्रा के दौरान, ऐप से बाहर निकले बिना, बस कुछ ही टैप में डेटा ई-सिम (e-SIM) खरीद और इंस्टॉल कर सकेंगे। यह किसी को मैसेज भेजने जितना ही आसान होगा। इसका मतलब यह है कि विदेश पहुंचने पर आपको लोकल सिम कार्ड खरीदने की जरूरत नहीं है। आप अपने उसी फोन नंबर से व्हाट्सऐप का इस्तेमाल कर सकेंगे, जिसका आप हमेशा करते हैं।
इसके लिए व्हाट्सऐप जियो (Jio), स्मार्ट अक्सियाटा (Smart Axiata), स्मार्ट कम्युनिकेशंस (Smart Communications), वेराइजन (Verizon) और अन्य ई-सिम प्रोवाइडर्स व टेलीकॉम कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। जल्द ही इसे कुछ चुनिंदा देशों में उपलब्ध कराना शुरू कर दिया जाएगा। जब यह सुविधा उपलब्ध होगी, तो आपको यह सीधे ऐप में ही दिखाई देगी।
इसका मतलब साफ है कि यूजर्स विदेश यात्रा के दौरान व्हाट्सऐप के जरिए ट्रैवल ई-सिम (Travel eSIM) खरीद और इंस्टॉल कर सकेंगे। WABetainfo की लेटेस्ट रिपोर्ट में बताया गया है कि आने वाले एक अपडेट में यूजर्स को अकाउंट स्क्रीन पर एक नया ऑप्शन मिलेगा, जहां से वे ट्रैवल ई-सिम खरीद सकते हैं। यूजर्स यह देख सकेंगे कि उनकी डेस्टिनेशन के लिए कौन-से प्लान उपलब्ध हैं और अपनी पसंद का प्लान चुन सकेंगे।

